NEET-PG एग्जाम को लेकर रांची में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, चार केंद्रों पर परीक्षा जारी
रांची में नीट पीजी परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Published : August 30, 2026 at 2:51 PM IST
रांची: रांची के चार केंद्रों पर रविवार को NEET-PG 2026 की परीक्षा आयोजित की जा रही है. परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की गई है. बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे हैं.
परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. परीक्षा केंद्रों के बाहर किसी तरह की भीड़ या अव्यवस्था न हो इसको लेकर प्रशासन की ओर से विशेष निगरानी रखी जा रही है. अभ्यर्थियों के प्रवेश और परीक्षा केंद्र परिसर में गतिविधियों पर भी सुरक्षा बलों की नजर है.
रांची में इन केंद्रों पर हो रही नीट पीजी की परीक्षा
NEET-PG परीक्षा को लेकर रांची के चार केंद्रों में राम टहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RTCIT), आनंदी ओरमांझी, अरुणिमा टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, सामलौंग, आईक्यूब डिजिटल, इरबा और ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, पुराना एचबी रोड में परीक्षा आयोजित की जा रही है.
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है. यह निषेधाज्ञा सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रभावी है. इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने, ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, अस्त्र-शस्त्र अथवा हरवे-हथियार लेकर चलने और किसी प्रकार की बैठक या आमसभा के आयोजन पर रोक है.
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है.
रांची डीसी ने दी जानकारी
वहीं रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि “NEET-PG परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ विधि-व्यवस्था पर भी लगातार नजर रखी जा रही है. अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे निर्बाध एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा दे सकें, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.”
ये भी पढ़ें-
JEE Advanced 2026: रांची के शौर्य शेखर बने स्टेट टॉपर, स्नेहल राज सिंह दूसरे स्थान पर
जेईई मेन 2026: सेशन-2 का रिजल्ट जारी, 99.97 पर्सेंटाइल के साथ रांची की वैष्णवी बनीं झारखंड टॉपर

