नूंह में अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, डिढ़ारा-झामूवास में 4 एकड़ में कॉलोनियां ध्वस्त
नूंह में डिढ़ारा और झामूवास की चार एकड़ अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कॉलोनियां ध्वस्त कर दी.

Published : June 25, 2026 at 12:39 PM IST
नूंह: जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में बुधवार को तावड़ू क्षेत्र के गांव डिढ़ारा और झामूवास में बिना अनुमति विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर जिला नगर योजनाकार विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया. करीब चार एकड़ क्षेत्र में की गई प्लॉटिंग, सड़क निर्माण और अन्य अवैध ढांचों को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया. कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी जिला नगर योजनाकार अधिकारी बिनेश कुमार ने संभाली, जबकि मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा.
शिकायत के बाद कार्रवाई: विभाग को शिकायत मिली थी कि दोनों गांवों के राजस्व क्षेत्र में कुछ भूमाफिया बिना किसी वैध अनुमति के कॉलोनियां विकसित कर रहे हैं और लोगों को गुमराह कर भूखंड बेचने की तैयारी में हैं. शिकायत की जांच के बाद जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की.

चार एकड़ क्षेत्र में तोड़फोड़: डिढ़ारा गांव के प्रतिबंधित क्षेत्र में लगभग दो एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी में बनाई गई पक्की सड़क, प्लॉटिंग, पांच डीपीसी, चारदीवारी और डब्ल्यूबीएम रोड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. इसके बाद झामूवास में दो एकड़ से अधिक भूमि पर विकसित दूसरी अवैध कॉलोनी में भी डीपीसी, चारदीवारी और सड़क निर्माण को जेसीबी से तोड़ दिया गया.
लोगों को दी चेतावनी: वहीं, जिला नगर योजनाकार अधिकारी बिनेश कुमार ने लोगों से अपील की कि किसी भी कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें. उन्होंने कहा कि, "आमजन किसी भी कॉलोनी में भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता की पुष्टि जिला नगर योजनाकार कार्यालय से जरूर करें. बिना प्रशासनिक अनुमति के विकसित कॉलोनियों में निवेश करना लोगों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है."
भूमाफियाओं से सतर्क रहने की अपील: बिनेश कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि, "भूमाफिया आकर्षक सपने दिखाकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने का प्रयास करते हैं. इसलिए किसी भी भूखंड की खरीद से पहले संबंधित विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके." उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें: यमुनानगर रादौर में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, डेहा बस्ती में 100 से अधिक निर्माण ध्वस्त

