बोकारो में बच्चा चोरी की अफवाह पर प्रशासन की सख्ती, 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स चिन्हित
बोकारो में बच्चा चोरी की अफवाह पर प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया है.

Published : February 14, 2026 at 5:11 PM IST
बोकारो: साधु-संतों की पिटाई के बाद बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को निर्देश दिया कि किसी भी हाल में बच्चा चोर अफवाह के नाम पर जनमानस के साथ क्रूरता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिले में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी की अफवाहें फैलाने की घटनाएं सामने आई हैं. मामले की जांच में यह पाया गया है कि लगभग 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा सुनियोजित तरीके से भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की गई हैं.
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाईः डीसी
बोकारो डीसी ने पुलिस को निर्देश दिया है कि ऐसे मामले में तत्परता से कार्रवाई करें और जनता की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता बनाएं. साथ ही अफवाह फैलाने वाले सारे सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित कर उनपर कार्रवाई का निर्देश दिया है. डीसी ने कहा कि इस मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करेगा.
डीसी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट खबर, वीडियो या सोशल मीडिया संदेश का बिना सत्यापन विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें. किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दें. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कानून हाथ में नहीं लेने की अपील
डीसी ने चेतावनी दी है कि किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में नहीं लें. अफवाहों के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट या हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए एवं अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
ये भी पढ़ें-
बच्चा चोरी की अफवाह पर बहकी भीड़, बेरहमी से कर दी कई लोगों की पिटाई
बच्चा चोर के अफवाह में युवक की पिटाई, बोकारो पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर बचाई जान
बोकारो में अपहरण मामले पर महिला का खुलासा, बताया कैसे की गई थी किडनैपिंग की कोशिश

