झारखंड नगर निकाय चुनाव: मतगणना को लेकर लेकर प्रशासन और पुलिस अलर्ट, जानें कैसी है तैयारी
झारखंड नगर निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन और पुलिस अलर्ट है. शुक्रवार की सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी.

Published : February 26, 2026 at 4:01 PM IST
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, चंदन भट्टाचार्य
रांचीः झारखंड नगर निकाय चुनाव का रिजल्ट 27 फरवरी को आने वाला है. मतगणना को लेकर पूरे झारखंड में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. खासकर जिन इलाकों में निकाय चुनाव और परिणाम के बाद हिंसा हुई थी उन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं. वहीं जीत के बाद निकाले जाने वाले विजय जुलूस को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं.
मुख्यालय से मिला अतिरिक्त बल
निकाय चुनाव के दौरान कई जिलों में हुई हिंसा के बाद झारखंड पुलिस ने सभी जिलों को मतगणना को लेकर अलर्ट किया है. सभी जिलों की पुलिस 27 फरवरी को होने वाली मतगणना और फिर उसके बाद निकलने वाले विजय जुलूस को लेकर अलर्ट है. चुकी बैलेट पेपर से मतदान हुआ है, इसलिए रिजल्ट आने में काफी समय लग सकता है. इसे देखते हुए मतगणना स्थल पर विशेष सुरक्षा की व्यवस्था की गई है.
आईजी अभियान ने दी जानकारी
इस संबंध में झारखंड पुलिस के आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता डॉ. माइकल राज ने बताया कि सभी जिलों को एक-एक कंपनी अतिरिक्त फोर्स मतदान के समय ही उपलब्ध करवाए गए थे. उपलब्ध फोर्स को अब मतगणना स्थलों पर शांतिपूर्ण मतगणना करवाने के लिए तैनात कर दिया गया है.
कई जिलों में विशेष अलर्ट
निकाय चुनाव के मतदान के दौरान गिरिडीह , जमशेदपुर और धनबाद जैसे शहरों में हिंसक वारदातें सामने आई थी. गिरिडीह में दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे, जिसमें गोलीबारी भी हुई थी. इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय के द्वारा वैसे तमाम जिले जहां मतदान के दौरान हिंसा हुई थी, वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.

मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
लंबी प्रतीक्षा के बाद झारखंड में निकाय चुनाव संपन्न हुए है. ऐसे में जिन प्रत्याशियों ने मेयर पद और पार्षद का चुनाव लड़ा है उनके लिए 27 फरवरी का दिन काफी महत्वपूर्ण है. शुक्रवार की सुबह 8:00 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी. इसे लेकर मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
पुलिस की निगरानी में निकलेगा विजय जुलूस
राजधानी रांची के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना स्थल की सुरक्षा पहले से ही पुख्ता की गई है. कई बार हार-जीत का अंतर बेहद कम होने पर मतगणना स्थल पर हंगामा होने की गुंजाइश बनी रहती है, इसलिए विशेष कर क्विक रिस्पांस टीम को मतगणना स्थल पर अलग से तैनात किया गया है. विजय जुलूस को लेकर भी सभी को संयमित रहने का निर्देश जारी किया गया है, जो भी विजय जुलूस शहर में निकलेगा वह पुलिस की निगरानी में निकलेगा.
हर्ष फायरिंग पर भी रहेगी नजर
झारखंड पुलिस मुख्यालय के तरफ से सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिया गया है कि वह विजय जुलूस के दौरान किसी भी कीमत पर हर्ष फायरिंग ना होने दें. अगर कोई व्यक्ति ऐसा करने की कोशिश करता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई करें और उसके हथियार को जब्त करें.
रांची में मतगणना की तैयारी पूरी
इधर, रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत के लिए 23 फरवरी हुए मतदान की मतगणना 27 फरवरी को होगी. इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक टास्क फोर्स सक्रिय कर दिया गया है.
मतगणना स्थल पर कई स्तरों की सुरक्षा
ट्रांसपोर्ट नगर रिंग रोड स्थित मतगणना स्थल पर कई स्तरों की सुरक्षा के इंतजाम हैं. अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी के निर्देश पर मतगणना कार्य में तैनात पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.

अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक
वहीं मतगणना स्थल पर अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. केवल अधिकृत अभ्यर्थी, उनके मतगणना अभिकर्ता और अधिकृत कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी. प्रवेश द्वार पर सघन जांच की व्यवस्था रहेगी और सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी. प्रशासन ने मतगणना हॉल के भीतर अनुशासन और शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष प्रोटोकॉल लागू किया है. बैलट बॉक्सों की सुरक्षित हैंडलिंग, गणना टेबलों पर सतत निगरानी और प्रत्येक चरण की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी.
किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. मतगणना स्थल के बाहर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष टीमों की तैनाती की गई है.

प्रशासनिक टास्क फोर्स सक्रिय
प्रशासनिक टास्क फोर्स लगातार मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा कर रहा है. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि मतगणना कार्य रात्रि 8 बजे तक पूर्ण नहीं हो पाता है, तो शेष मतों की गिनती अगले दिन जारी रहेगी. इस दौरान बैलट बॉक्सों की सुरक्षा के लिए सख्त प्रबंध किए जाएंगे और पूरे परिसर को पुलिस सुरक्षा में सील रखा जाएगा. किसी भी परिस्थिति में पारदर्शिता और निष्पक्षता से समझौता नहीं किया जाएगा.
मतगणना स्थल पर सभी सुविधाएं उपलब्ध
वहीं मतगणना स्थल पर प्रकाश, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक लॉजिस्टिक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि कार्य सुचारु रूप से चलता रहे. साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट मोड में रखा गया है. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें. किसी भी शंका या शिकायत के लिए “अबुआ साथी” हेल्पलाइन नंबर 9430328080 पर संपर्क किया जा सकता है.
प्रशासन का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और मतगणना को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है.
ये भी पढ़ें-
रांची नगर निगम चुनाव: मतदान व मतगणना की तैयारी पूरी, 21 फरवरी की शाम थमेगा प्रचार-प्रसार

