ETV Bharat / state

हिमांशु सिंह हत्याकांड: आदित्यपुर बंद कराने सड़क पर उतरे BJP कार्यकर्ता, मेयर समेत 40 से अधिक लोग हुए डिटेन

हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सरायकेला और जमशेदपुर में प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में विधायक सरयू राय भी मौजूद रहे.

adityapur-bandh-bjp-workers-protest-against-himanshu-singh-murder
हिरासत में लिए गए मेयर संजय सरदार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 3, 2026 at 11:13 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सरायकेला/जमशेदपुर: हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं समर्थित हिंदूवादी संगठनों द्वारा 3 जुलाई को बुलाए गए आदित्यपुर बंद का सुबह से ही मिलाजुला असर देखने को मिला. बंद को सफल बनाने के लिए आदित्यपुर टोल ब्रिज के समीप सड़क पर उतरे करीब 40 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. हिरासत में लिए गए लोगों में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, विहिप जिला अध्यक्ष डॉ जेएन दास समेत कई दिग्गज स्थानीय भाजपा नेता शामिल हैं.​

मेयर समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में

सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतरकर हिमांशु सिंह के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे. मौके पर भारी संख्या में बल के साथ मौजूद आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने यातायात बाधित कर रहे पूर्व मेयर संजय सरदार और अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और कड़ी सुरक्षा के बीच आदित्यपुर थाने ले आई.

हिमांशु हत्याकांड के विरोध में बीजेपी का प्रदर्शन (Etv Bharat)

चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात, स्थिति नियंत्रण में: एसपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के नवनियुक्त एसपी मनोज स्वर्गियारी खुद सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. एसपी ने बताया कि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. उन्होंने कहा कि सरायकेला पुलिस सुरक्षा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है. प्रदर्शनकारियों से अपील है कि वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें. कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा.

Adityapur Bandh BJP workers protest against Himanshu Singh murder
प्रदर्शन में शामिल बीजेपी कार्यकर्ता (ETV BHARAT)

आवागमन सामान्य, कई दुकानें बंद

पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के कारण आदित्यपुर खरकई पुल से लेकर गम्हरिया जाने वाले व्यस्त टाटा-कांदरा मुख्य सड़क पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह सुगम और सामान्य बना हुआ है. हालांकि, हत्याकांड के विरोध में स्थानीय बाजार के कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध को अपना समर्थन दिया है. फिलहाल, पुलिस बल पूरे इलाके में गश्त कर रहे हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

जमशेदपुर में भी भाजपा का प्रदर्शन

जमशेदपुर के बिष्टुपुर में हिमांशु हत्याकांड के विरोध मे भाजपा द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बंद का व्यापक असर देखने को मिला. जदयू विधायक सरयू राय अपने समर्थकों के साथ बंद कराने निकले. इस दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही. डीएसपी खुद क्षेत्र का भर्मण करते दिखे.

हिमांशु हत्याकांड के विरोध में बीजेपी का प्रदर्शन (Etv Bharat)

परिवहन के साधनों की कमी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर के कई प्रमुख निजी स्कूलों ने आज एहतियातन छुट्टी की घोषणा कर दी है. ​भाजपा कार्यकर्ता जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और हिमांशु के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं. वहीं NDA का घटक दल जदयू और आजसू भी बंद कराने सड़क पर उतरा.

adityapur-bandh-bjp-workers-protest-against-himanshu-singh-murder
सुरक्षा बल तैनात (Etv Bharat)

इस बंद को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट है. किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

ये भी पढ़ें: जमशेदपुर घटना पर बोले आदित्य साहू- पुलिस मनगढ़ंत कहानी गढ़कर केस को दबाने और निर्दोष को फंसाने का कर रही काम

जमशेदपुर बार में हुई चाकूबाजी में घायल हिमांशु की मौत, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

हिमांशु के घर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी और सरयू राय, परिजनों का आरोप- बिना जानकारी दिए कराया गया पोस्टमार्टम