ETV Bharat / state

किसानों के धरना स्थल पर पहुंचे एडीएम, समस्याओं पर हुई लंबी वार्ता, मांगों के समाधान का दिया भरोसा

किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे धरने के बीच प्रशासन और किसानों के बीच संवाद का दौर शुरू हो गया है.

ETV Bharat
रुद्रपुर में किसानों का धरना जारी. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 22, 2026 at 10:39 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में विभिन्न मांगों को लेकर किसानों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा. इसी बीच अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने जिला स्तर की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए शासन स्तर की मांगों को उच्च स्तर पर भेजने की बात कही. एडीएम ने किसानों से धरना समाप्त करने की अपील की, जबकि किसान नेताओं ने आश्वासन पर पदाधिकारियों से चर्चा के बाद आगे का निर्णय लेने की बात कही.

दरअसल, भारतीय किसान यूनियन चट्टूनी के नेतृत्व में किसान पिछले दो दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं. इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों के साथ विस्तार से संवाद किया. इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों और समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा.

अपर जिलाधिकारी ने किसानों द्वारा प्रस्तुत मांग-पत्र में शामिल विभिन्न बिंदुओं पर एक-एक करके चर्चा की. उन्होंने किसानों को बताया कि मांग-पत्र में शामिल कई मांगें नीतिगत प्रकृति की हैं. ऐसी मांगों पर जिला स्तर से निर्णय लेना संभव नहीं है और उनके संबंध में नियमानुसार शासन स्तर से कार्रवाई की जानी है.

ETV Bharat
रुद्रपुर में किसान तीन दिनों के धरने पर बैठे है. (ETV Bharat)

किसानों ने प्रशासन को बताई अपनी मांगे: उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि शासन स्तर से संबंधित मांगों को उचित माध्यम से उच्च स्तर पर भेजने की कार्रवाई की जाएगी. वार्ता के दौरान किसानों ने अपनी स्थानीय और व्यक्तिगत समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा. किसानों ने विद्युत, भूमि समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं से अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया. किसानों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

अपर जिलाधिकारी ने किसानों से मांगे सुझाव: अपर जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के समाधान की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की. उन्होंने किसानों से समस्याओं के निराकरण को लेकर सुझाव भी मांगे. किसानों द्वारा दिए गए सुझावों को सुनने के बाद अपर जिलाधिकारी ने अपनी ओर से भी आवश्यक सुझाव और संभावित समाधान की जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है. जिला स्तर पर जिन समस्याओं का नियमानुसार समाधान संभव है, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे. अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मांगों का संबंध शासन स्तर से है, उन्हें नियमानुसार उच्च स्तर पर प्रेषित किया जाएगा.

ETV Bharat
प्रशासन की किसानों के साथ वार्ता हुई. (ETV Bharat)

प्रशासन ने किसानों से की अपील: उन्होंने किसानों से आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की. साथ ही उन्होंने किसानों से धरना समाप्त करने का अनुरोध भी किया.

भारतीय किसान यूनियन चट्टूनी के जिला अध्यक्ष गुरु सेवक सिंह मोर ने बताया कि अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना है और जल्द ही उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाकर किसानों के हित में आवश्यक बातचीत करने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन को किसानों और संगठन के पदाधिकारियों के सामने रखा जाएगा.

संगठन के पदाधिकारी लेंगे धरना खत्म करने का निर्णय: गुरु सेवक सिंह मोर ने कहा कि संगठन की ओर से तीन दिन तक धरना देने का आह्वान किया गया था. उन्होंने अपर जिलाधिकारी से भी स्पष्ट किया कि धरना समाप्त करने का अंतिम निर्णय संगठन के पदाधिकारियों की राय के आधार पर लिया जाएगा.

ETV Bharat
किसानों के धरना स्थल पर पहुंचे एडीएम (ETV Bharat)

वार्ता के दौरान गन्ना आयुक्त टीएस मार्टोलिया, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, गौरव पांडे, मुख्य कृषि अधिकारी वीके यादव, अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन और किसानों के बीच हुई इस वार्ता के बाद अब किसानों की नजर संगठन के अगले निर्णय और प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन पर है.

पढ़ें---