ETV Bharat / state

बॉलीवुड एक्टर अली खान के भांजे की मौत, पत्नी गिरफ्तार.. परिजनों ने जहर देकर मारने का लगाया आरोप

गया में फिल्म अभिनेता अली खान के भांजे राहत अली खान की मौत, परिजनों ने पत्नी पर चाय में जहर देकर मारने का लगाया आरोप.

Rahat Ali Khan died
राहत अली खान की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 17, 2026 at 12:16 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

गया: बिहार के गया जिले के कोठी सोहेल थाना क्षेत्र के पोखरी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. फिल्म अभिनेता अली खान के भांजे राहत अली खान की मौत का मामला सामने आया है. मृतक के परिजनों का दावा है कि राहत की पत्नी ने उन्हें चाय में जहर देकर इस हत्या की कोशिश की, जिसके कारण राहत की हालत बिगड़ गई और पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. यह मामला 15 फरवरी की रात का बताया जा रहा है.

पति-पत्नी में लंबे समय से चल रहा था विवाद: राहत अली खान की शादी गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र की निवासी से हुई थी. दोनों का एक बच्चा भी है. शादी के कुछ महीनों बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई थी. परिजनों के अनुसार, झगड़ों के कारण पत्नी अक्सर राहत को झूठे केस में फंसाने या हत्या की धमकी देती थी. इससे पहले भी पत्नी ने राहत के खिलाफ झूठा केस दर्ज कराया था, जिसमें राहत को हाई कोर्ट से जमानत मिली थी. बात-बात पर पुलिस बुलाकर हंगामा करने का भी आरोप लगाया गया है.

क्या हुआ 15 फरवरी की रात: परिजनों के मुताबिक, 15 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे पत्नी ने राहत को चाय में जहर मिलाकर पिलाया. तबीयत बिगड़ने पर परिवार ने पहले स्थानीय चिकित्सक को दिखाया, फिर उन्हें गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान राहत की मौत हो गई. मृतक के पिता सदी कुल्लाह खान ने सोहेल थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें पत्नी के अलावा उसके माता-पिता और भाइयों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है.

"पत्नी और उसके परिजन-मां, पिता, भाई बार-बार धमकी देते थे कि राहत को जहर देकर मार देंगे. पत्नी ने ठीक वैसा ही किया. यह पूर्व नियोजित हत्या है."-सदी कुल्लाह खान, मृतक के पिता

पत्नी ने खुद दी पुलिस को सूचना: घटना के बाद राहत की पत्नी ने ही पुलिस को फोन कर सूचना दी थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पूछताछ के बाद पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इमामगंज पुलिस अनुमंडल के डीएसपी कमलेश कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे और शुरुआती जांच चल रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि मौत जहर से हुई या कोई अन्य कारण था. पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या यह हत्या थी या आत्महत्या का मामला.

पुलिस जांच जारी, रिपोर्ट का इंतजार: पटना पीएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर ही सच्चाई सामने आएगी. अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के बाद होगी. इस घटना ने घरेलू विवादों में जहर देने जैसे खतरनाक रुझानों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

"राहत खान की मौत पटना में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है. जांच हो रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का भी इंतजार है. पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे, पुलिस ने पत्नी से पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, आगे जांच पूरी होने के बाद ही पूरी चीजें स्पष्ट होंगी."-कमलेश कुमार, डीएसपी, इमामगंज पुलिस अनुमंडल

राहत अली खान का परिवार: राहत अली खान फिल्म अभिनेता अली खान के भांजे थे, जबकि उनके बड़े भाई सनाउल्लाह खान भी भोजपुरी फिल्मों में अभिनेता हैं. राहत गांव में ही लेडीज पर्स और बैग बनाने का स्टार्टअप चला रहे थे. वे स्थानीय स्तर पर पत्रकारिता भी करते थे और यूट्यूबर के रूप में सक्रिय थे. उनकी मौत से पूरा परिवार गमगीन है और इलाके में शोक की लहर है.

ये भी पढ़ें-

विधवा प्रेमिका को मेला घुमाने ले गया, खेत में मर्डर.. थाने पहुंचकर बोला- 'साहब.. मार दिया'

वीटीआर के जंगल में मिला प्रेमी और प्रेमिका का कंकाल, हत्या या आत्महत्या?

बिहार में BPSC शिक्षिका ने की आत्महत्या, कमरे से मिली लाश.. 2 साल पहले हुई थी शादी