रणदीप भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, फतेहपुर बेरी हत्याकांड में था वांटेड
दिल्ली पुलिस अब आरोपी के अन्य आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

Published : May 31, 2026 at 9:10 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की पूर्वी जिला एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने कुख्यात रणदीप भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य और फतेहपुर बेरी के चर्चित हत्याकांड में वांछित आरोपी अनुज चौधरी उर्फ फाइटर को गिरफ्तार किया है. आरोपी वर्ष 2023 में जमानत मिलने के बाद से फरार चल रहा था और उसकी लगातार गिरफ्तारी से बचने की कोशिशों के चलते साकेत कोर्ट से गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था.
मामले में डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार ने बताया कि 28 मई को एएटीएस टीम को सूचना मिली थी कि फतेहपुर बेरी हत्याकांड का वांछित आरोपी अवैध हथियार के साथ पूर्वी दिल्ली आने वाला है. सूचना के आधार पर टीम ने गाजीपुर पेपर मार्केट के पास जाल बिछाया. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया. तलाशी में उसके कब्जे से एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक चोरी की होंडा एक्टिवा बरामद हुई.
आरोपी फाइटर रणदीप भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य
पुलिस जांच में सामने आया कि अनुज चौधरी उर्फ फाइटर रणदीप भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य है और दिल्ली-एनसीआर व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गैंग की गतिविधियों से जुड़ा रहा है. वह फतेहपुर बेरी थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में दर्ज इस हत्याकांड में आरोपी की भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद वह लगातार फरार चल रहा था.
पुलिस गैंग के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में जुटी
पूछताछ में आरोपी ने गैंग से अपने संबंधों और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की जानकारी दी है. पुलिस अब उसके अन्य साथियों और गैंग के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा रही है.
32 से अधिक मामलों में शामिल है आरोपी
36 वर्षीय अनुज चौधरी उर्फ फाइटर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अहमदनगर गांव का रहने वाला है. उसने 12वीं तक पढ़ाई की, लेकिन बाद में अपराध की दुनिया में शामिल हो गया. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, आपराधिक साजिश समेत 32 से अधिक गंभीर मामले दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में दर्ज हैं.
आरोपी की गिरफ्तारी से गंभीर मामलों की जांच में आएगी गति
डीसीपी राजीव कुमार ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी रणदीप भाटी गैंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता है. इससे कई गंभीर मामलों की जांच को गति मिलेगी और गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी. पुलिस अब आरोपी के अन्य आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें :

