हिमाचल में फिर तीन दिन खराब रहेगा मौसम, यहां होगी बारिश और बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल में मौसम बिगड़ने वाला है. इससे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 8, 2026 at 8:26 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ बना हुआ है. तेज धूप खिलने के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है. इससे लोग दिन में गर्मी महसूस कर रहे थे, लेकिन अब एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण एक बार फिर तीन दिन तक मौसम खराब बना रह सकता है.
मौसम के अनुसार जल्द ही प्रदेश में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है, जिससे तापमान में गिरावट और सर्दी में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है. 9 फरवरी को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 10 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा और अधिकतर स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस दिन पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा सक्रिय रहेगा. इसी दिन अंधड़ और आसमानी बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. 11 फरवरी को लाहौल और चंबा में मौसम खराब रहने का अनुमान है, जबकि पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा.
तापमान में आ सकती है गिरावट
मौसम खराब होने के चलते तापमान में गिरावट आएगी. इससे एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है. मैदानी इलाकों में सुबह शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में अभी भी ठंड का प्रकोप है. बारिश के बाद मैदानी और पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरने से सर्दी और बढ़ेगी.
तापमान में नहीं हुआ कोई खास बदलाव
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा. इस अवधि में राज्य के अधिकांश मौसम केंद्रों पर तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव दर्ज नहीं किया गया. न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य के आसपास ही बना रहा, हालांकि कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज हुआ. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान -14 से -2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में यह 0 से 9 डिग्री सेल्सियस और निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 4 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया.
कुकुमसेरी सबसे ठंडा
अधिकतम तापमान की बात करें तो अधिकांश स्थानों पर इसमें भी कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन कई क्षेत्रों पर यह सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 1 से 8 डिग्री, मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 13 से 23 डिग्री और निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 21 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में -13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, बीते दिन सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना और पांवटा साहिब में 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

