ETV Bharat / state

यूपी के गन्ना विभाग में एक्शन; ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक निलंबित, 4 अन्य कर्मियों पर भी कार्रवाई शुरू

वित्तीय अनियमितताओं और गन्ना आपूर्ति नीति के उल्लंघन पर गिरी गाज, अफसरों को चेतावनी.

गन्ना विभाग में कार्रवाई.
गन्ना विभाग में कार्रवाई. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : November 15, 2025 at 7:23 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : गन्ना विभाग ने वित्तीय अनियमितताओं और गन्ना आपूर्ति नीति के उल्लंघन पर 5 कर्मियों को निलंबित कर दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई. अन्य कर्मियों और अफसरों को भी लापरवाही मिलने पर इसी तरह की कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

सबसे बड़ी कार्रवाई संभल जिले के रजपुरा क्षेत्र की ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ममता भारती के खिलाफ की गई. उन पर वित्तीय अनियमितता और स्वार्थ पूर्ति के लिए नियमों को दरकिनार करने के आरोप लगे थे. इसके बाद इसकी जांच कराई गई. इसमें आरोप सही मिलने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.

इसी क्रम में गन्ना आपूर्ति नीति के विपरीत कार्य करने पर 4 गन्ना पर्यवेक्षकों कमल सिंह, अवधेश कुमार वर्मा, भानु प्रताप सिंह (हरगांव, सीतापुर) और दिनेश कुमार द्विवेदी (बभनान, बस्ती) के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है. प्राथमिक जांच में इनकी ओर से पेराई सत्र 2024-25 में फर्जी समिति सदस्य बनाने, डबल सट्टा तैयार कराने, अनियमित प्लॉट स्थानांतरण और विभागीय नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई.

गन्ना आयुक्त मिनिस्थी एस के अनुसार यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि भ्रष्टाचार के किसी भी रूप को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. गन्ना आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चेताया है कि भविष्य में भ्रष्टाचार से जुड़े किसी भी मामले पर सबसे कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

गन्ना आयुक्त ने कहा कि विभाग की इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई से यह साफ है कि गन्ना विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अब किसी भी लापरवाही या अनियमितता पर सख्त कदम उठाए जाएंगे.

यह भी पढ़ें : गन्ना मूल्य बढ़ोतरी पर किसान बोले- लागत के हिसाब से बढ़ने चाहिए दाम, पूर्वांचल में गन्ने की खेती घाटे का सौदा