अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर कार्रवाई, पुलिस ने 3 गोदामों में रखे 40 करोड़ के विस्फोटक जब्त किए
बारां में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर पुलिस की कार्रवाई चौथे दिन भी जारी रही. 3 गोदामों से 40 करोड़ की विस्फोटक सामग्री जब्त की.

Published : February 23, 2026 at 9:40 PM IST
बारां: शहर के अंटारू रोड पर स्थित अवैध फटाखा फैक्ट्री के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार चौथे दिन भी जारी रही. पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि दिनांक 20 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि पटाखों की गोदाम अंटारू बारां रोड मंडोला के पास अवैध विस्फोटक सामग्री और विस्फोटक पटाखों का अत्यधिक मात्रा में भंडारण किया हुआ है, जिससे आस-पास निवासरत आमजन का जीवन संकट में पड़ सकता है.
उन्होंने बताया कि नगर परिषद आयुक्त द्वारा दी गई एफआईआर पत्र पर कार्रवाई करते हुए गोदाम मालिक के विरुद्ध अवैध भंडारण, विस्फोटक निर्माण सामग्री होने तथा गोदामों के अंदर किसी प्रकार के कोई अग्निशमन सेफ्टी उपकरण नहीं पाए जाने से धारा 288 भारतीय न्याय संहिता व धारा 5, 9 (ख) विस्फोटक अधिनियम 1984 में थाना कोतवाली बारां पर प्रकरण दर्ज किया गया है. उसके बाद सील किए गोदामों को नगर परिषद आयुक्त मय टीम, बीडीएस टीम, एफएसएल टीम, अग्निशमन टीम व सेफ्टी उपकरणों सहित दिनांक 21 फरवरी व 22 फरवरी को तीनों गोदामों में विस्फोटक पदार्थ, विस्फोटक सामग्री व अवैध भंडारण होने से जब्ती की कार्रवाई की गई.

इसे भी पढ़ें- बड़ी खबर : बारां में गोदाम पर दबिश, 700 कट्टों में भरे अवैध पटाखा-बम बरामद
2256 क्विंटल अवैध विस्फोटक बरामद: एसपी ने बताया कि तीनों गोदामों में छत व लोहे की टीनों पर भारी मात्रा में सुतली बम पटाखे सूखने के लिए रखे हुए थे. तीनों गोदामों में करीब 2256 क्विंटल अवैध विस्फोटक व फटाखे निकले, साथ ही करीब 12 क्विंटल पटाखे बनाने के लिए विस्फोटक सामग्री , जिसमें पोटेशियम नाइट्रेट, सल्फर, चारकोल पाउडर, एल्युमिनियम पाउडर, नीला थोथा, मिश्रित विस्फोटक पदार्थ, फॉस्फेट के कट्टे भरे हुए मिले.
एसपी ने बताया कि इसके अलावा पटाखा निर्माण में काम आने वाली विभिन्न सामग्री भी मिली. तीनों गोदामों में विस्फोटक सामग्री का कुल वजन 02 लाख 31 हजार 300 किलोग्राम हुआ. तीनों गोदामों में मिली अवैध विस्फोटक निर्माण सामग्री व विस्फोटक पटाखों की बाजार कीमत करीब 40 करोड़ रुपये है. गोदाम मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें- भिवाड़ी फैक्ट्री हादसा: गांरमेंट की फैक्ट्री में बन रहे थे अवैध पटाखे, बाहर से बंद था यूनिट का शटर, मंत्री बोले- कार्रवाई होगी

