रायपुर में 50 लाख के गबन मामले में एक्शन, ड्राइवर सहित 7 आरोपी गिरफ्तार, 49 लाख 50 हजार कैश बरामद
रायपुर के खम्हारडीह पुलिस ने गबन मामले में 1 महिला समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसमें ड्राइवर भी शामिल है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : April 27, 2026 at 8:57 PM IST
रायपुर: राजधानी के खम्हारडीह थाना इलाके में गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. पुलिस ने मामले में ड्राइवर सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गबन का मुख्य आरोपी कृष्णा साहू है जो की कंपनी में ड्राइवर का काम करता था. कृष्णा साहू ने अपने रिश्तेदार और अपने साथियों के साथ मिलकर गबन करने की योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया गया था.

49 लाख से ज्यादा रकम बरामद
एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और खम्हारडीह थाने की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है. आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 49 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं. साथ ही घटना में प्रयोग की गई कार को भी बरामद किया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 316 306 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है.
इस तरह किया गबन
नार्थ जोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया कि पीड़ित अखिलेश ने 25 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट में बताया कि दोपहर करीब 3 बजे उनके ड्राइवर कृष्णा साहू और अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन कंपनी की कार से कचना से लगभग 50 लाख रुपए लेकर देवपुरी स्थित निवास की ओर जा रहे हैं. रास्ते में करीब दोपहर 3:15 में गीतांजलि नगर स्थित भारत माता मूर्ति के पास ड्राइवर कृष्णा साहू ने गुटका लेने के बहाने भूपेंद्र देवांगन को कार से उतार दिया. जैसे ही भूपेंद्र गुटखा खरीदने उतरे आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू कार सहित उसमें रखे पैसे 50 लाख रुपए लेकर फरार हो गया था.

अकाउंटेंट से हुई पूछताछ
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस की संयुक्त टीम ने कंपनी के अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन से घटना के संबंध में पूछताछ की. उसने बताया कि आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू कार में रखे पैसे को लेकर फरार हो गया है. इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ ही लोगों से इस संबंध में जानकारी हासिल की.
पुलिस ने ड्राइवर को किया गिरफ्तार
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू को हिरासत में लिया. कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपने परिवार के सदस्य और अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली. इस पूरी वारदात में शामिल 1 महिला सहित 7 आरोपियों को गबन के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
गबन की हुई राशि 50 लाख रुपए में से पुलिस ने 49 लाख 50 हजार रुपए नगद बरामद कर लिया है. पकड़े गए सभी आरोपी रायपुर और दुर्ग जिले के थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पकड़े गए आरोपियों में कृष्णा साहू, कन्हैया राणा, सविता साहू, भुनेश्वर साहू, ओम प्रकाश साहू, विष्णु प्रसाद पटेल और टीकम पटेल शामिल थे.

