एमसीबी के घटई में अवैध रेत उत्खनन, ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, रेत खदान बंद
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर रेत खदान को बंद कर दिया गया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 1, 2026 at 9:36 PM IST
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले एमसीबी में रेत उत्खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. रविवार को ग्राम घटई के लोगों का गुस्सा इस अवैध रेत उत्खनन को लेकर फूट पड़ा. इस गांव में लंबे समय से रेत का अवैध उत्खनन हो रहा था. इस वजह से गांव वालों में अवैध रेत उत्खनन को लेकर बेहद नाराजगी थी. अवैध उत्खनन से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर खदान स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और तत्काल कार्रवाई की मांग की.
ग्रामीणों ने पंचायत के लोगों को बुलाया
ग्रामीणों ने मौके पर ही अपने क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति की सभापति सुखमंती सिंह को फोन कर बुलाया. साथ ही ग्राम पंचायत घटई के सरपंच विजय सिंह और पंचों को भी सूचना देकर घटनास्थल पर उपस्थित कराया गया. जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुलकर अपनी शिकायतें रखीं और अवैध रूप से हो रहे रेत उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की.

जिला पंचायत सदस्यों ने लिया एक्शन
जिला पंचायत सदस्य, सरपंच एवं पंचों ने खदान स्थल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान पाया गया कि रेत माफिया बिना किसी अनुमति नदी में पोकलेन मशीन उतारकर उत्खनन कर रहे हैं. मौके पर आवश्यक परमिशन कागजात भी उपलब्ध नहीं थे. कई प्रकार की गड़बड़ी सामने आने के बाद जनप्रतिनिधियों ने तत्काल कार्रवाई का फैसला लिया.

रेत उत्खनन में लगे वाहनों पर लगाया गया जुर्माना
ग्राम पंचायत घटई के सरपंच विजय सिंह ने अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए प्रति हाइवा वाहन पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया. इसके अलावा पोकलेन मशीन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना घोषित किया. सभी वाहनों को ग्राम पंचायत परिसर में खड़ा करने का आदेश दिया गया. सरपंच ने पोकलेन मशीन चालक को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि बिना अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के नदी में मशीन डालना गैर कानूनी है. इस तरह के नियम का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इस पूरी घटना की सूचना तत्काल माइनिंग अधिकारी, एसडीएम तथा जनकपुर थाना प्रभारी को दी गई.सूचना मिलने के बाद कुंवारपुर पुलिस चौकी प्रभारी रविनंद सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की टीम ने स्थिति का जायजा लिया. जिला पंचायत सदस्य सुखमंती सिंह ने चौकी प्रभारी को पूरी बातें बताई. पुलिस की टीम ने ग्रामीणों को समझाया और उसके बाद यह पूरी स्थिति कंट्रोल में आ सकी.

