गौरेला पेंड्रा मरवाही में धान तस्कर गिरफ्तार, एसडीएम से बदसलूकी का आरोप
गौरेला पेंड्रा मरवाही पुलिस ने धान तस्करी केस में एक्शन लिया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 30, 2025 at 3:46 PM IST
गौरेला पेंड्रा मरवाही: धान तिहार के दौरान छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश सीमा पर धान की तस्करी बढ़ती जा रही है. गौरेला पेंड्रा मरवाही में सोमवार की देर रात को ऐसी ही घटना हुई. यहां मध्यप्रदेश से धान का अवैध परिवहन किया जा रहा था. जिसे रोकने के लिए निकली एसडीएम टीम के साथ धान तस्कर ने बदसलूकी की और धान से भरी गाड़ी को पास कराने का काम किया.
मरवाही एसडीएम से बदसलूकी
29 दिसंबर की रात को अवैध धान से भरे पिकअप वाहन को एसडीएम की टीम पकड़ने के लिए मरवाही की ओर गई थी. यहां एक धान तस्कर ने एसडीएम मरवाही की गाड़ी के सामने अपने वाहन को लगा दिया और धान से भरे वाहन को पास कराया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भरत राठौर को गिरफ्तार कर लिया है.
जानिए आरोपी कैसे हुआ गिरफ्तार ?
एसडीएम मरवाही देवेंद्र सिरमौर को सूत्रों से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश से अवैध धान की खेप छत्तीसगढ़ लाई जा रही है. सूचना मिलते ही एसडीएम के निर्देश पर 29 दिसंबर को प्रशासनिक अमला सतर्क हो गया और संभावित मार्गों पर निगरानी शुरू की गई. रात में जैसे ही धान से भरा पिकअप वाहन मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश किया, एसडीएम की टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया.
पीछा करते हुए प्रशासनिक टीम दरमोहली गांव तक पहुंची. इसी दौरान दरमोहली निवासी धान तस्कर भरत राठौर ने ओवरटेक कर एसडीएम के वाहन के सामने अपनी बोलेरो खड़ी कर दी. इस अचानक घटनाक्रम के कारण प्रशासनिक टीम कुछ समय के लिए असमंजस में पड़ गई. इसी का फायदा उठाकर धान से भरा पिकअप वाहन वापस मध्यप्रदेश की ओर फरार हो गया.
आरोपी भरत राठौर पर कसा शिकंजा
जांच में सामने आया कि आरोपी भरत राठौर के खिलाफ पहले भी मध्यप्रदेश से अवैध धान परिवहन के मामले में एक पिकअप वाहन जप्त किया जा चुका है. इसके बावजूद आरोपी ने किराए के पिकअप वाहन की व्यवस्था कर एक बार फिर अवैध धान तस्करी को अंजाम देने की कोशिश की. इस पर प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी भरत राठौर को मौके से गिरफअतार कर लिया गया.
हमने आरोपी भरत ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है. उसे गौरेला पुलिस को सौंप दिया गया है. पुलिस ने एक वाहन को भी जब्त किया है. आगे की कार्रवाई जारी है- देवेंद्र सिरमौर, एसडीएम, गौरेला पेंड्रा मरवाही
धान की तस्करी पर जारी रहेगा एक्शन
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला प्रशासन ने कहा है कि धान तिहार के दौरान धान तस्करी पर लगाम लगाने के सारे प्रयास किए जा रहे हैं. धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अवैध धान परिवहन, भंडारण और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

