ETV Bharat / state

अलवर: अवैध खनन करने वालों पर 16 एफआइआर दर्ज, 21 लाख की पेनल्टी वसूली, 25 वाहन भी किए जब्त

पुलिस के अनुसार रात के समय अवैध खनन और परिवहन अधिक होता है, इसलिए गश्त व निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं.

Illegal mining in Alwar
अलवर में अवैध खनन (ETV Bharat Alwar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 6, 2026 at 8:46 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अलवर: अरावली को बचाने के लिए अलवर पुलिस ने सख्ती बरतते हुए खनन माफिया के खिलाफ 7 दिन में 16 एफआइआर दर्ज कर 21 लाख की पेनल्टी वसूली है. पुलिस ने अवैध तरीके से खनन कर सामग्री का परिवहन करने 25 वाहन भी जब्त किए हैं. अलवर पुलिस ने यह कार्रवाई राज्य सरकार की ओर से प्रदेश में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शरण कांबले ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर अलवर जिले में अवैध खनन के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के दौरान पिछले सात दिनों में पुलिस ने कार्रवाई कर अवैध खनन करने वाले 16 लोगों पर प्रकरण दर्ज किए हैं. वहीं अवैध खनन सामग्री परिवहन करते 25 वाहनो को जब्त किया है. खनन विभाग ने अवैध खनन सामग्री परिवहन करने वाले 17 वाहनों पर 21 लाख रुपए की पेनल्टी आरोपित की है. उन्होंने बताया कि अवैध खनन व अवैध तरीके से खनन सामग्री का परिवहन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस, राजस्व, वन, खनन व परिवहन विभाग की संयुक्त टीम की कार्रवाई जारी है. उन्होंने बताया कि जिले के सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पुलिस जाप्ता के साथ रात के अंधेरे में अवैध खनन व अवैध तरीके से खनन सामग्री का परिवहन करने वाले वाहनों की विशेष निगरानी करें और आदेशों की पालना नहीं करने वाले लोगों पर कार्रवाई करें.

अवैध खनन पर चला पुलिस का डंडा, देखें वीडियो (ETV Bharat Alwar)

पढ़ें: अरावली क्षेत्र में अवैध खनन पर कार्रवाई, 50 वाहन जब्त, 50 लाख जुर्माना वसूला, 7 मामले दर्ज

अवैध खनन सामग्री ले जाने वाले ट्रैक्टरों पर की कार्रवाई: एएसपी कांबले ने बताया कि गत रविवार देर रात राजगढ़ थाना क्षेत्र में डीएसपी कार्यालय के बाहर एक साथ अवैध खनन सामग्री का ओवरलोड परिवहन करते पांच ट्रैक्टरों का वीडियो पुलिस को मिलने पर कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया कि अवैध खनन सामग्री से ओवरलोड ट्रैक्टरों का राजगढ़ पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वाहन चालक ट्रैक्टरों को अलवर जिले की सीमा से बाहर ले गए. हालांकि राजगढ़ पुलिस ने कार्रवाई कर एक ओवरलोड ट्रैक्टर को जब्त किया और शेष ट्रैक्टर चालकों की तलाश की जा रही है.

पढ़ें: Save Aravalli : राजगढ़ क्षेत्र में अवैध खनन बेखौफ जारी, खुद देखिए...

रात के अंधेरे में होता है अवैध खनन सामग्री का परिवहन: जिले में ज्यादातर स्थानों पर खनन माफिया चोरी छिपे अरावली के पहाड़ों में अवैध खनन कर रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों में भर अवैध तरीके से पत्थर आदि का परिवहन करते हैं. ऐसे वाहन चालक ओवरलोड अवैध खनन सामग्री भर तेज गति से दौड़ाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका रहती है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांबले ने बताया कि सभी थानाधिकारियों को रात के समय गश्त व निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं. वहीं कोहरे में अवैध खनन सामग्री परिवहन की आशंका ज्यादा रहती है. इस कारण कोहरे में भी पुलिस की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.