बस्ती जिले में झाड़ियों में मिली तेजाब से जली लाश; परिजनों ने पड़ोसियों पर लगाया हत्या का आरोप
एसपी यशवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान गया प्रसाद (40) के रूप में हुई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 1, 2026 at 8:45 AM IST
बस्ती: जिले के छावनी थाना क्षेत्र के रमहटिया गांव में झाड़ियों में एक व्यक्ति की लाश मिली. परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों ने पुराने विवाद में तेजाब पिलाकर हत्या कर दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एसपी यशवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान गया प्रसाद (40) के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के राजन नाम के व्यक्ति से वर्षों से दुश्मनी चल रही है. उसी ने पहले गया प्रसाद को तेजाब पिलाया और फिर चेहरे पर तेजाब डालकर मौत के घाट उतार दिया.
एसपी यशवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने 7 नामजद पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है. उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
पीड़ित परिजनों ने चौकी इंचार्ज विक्रमजोत शशि शेखर सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि 28 अप्रैल को राजन और उसके भाइयों ने गया प्रसाद को मारने के लिए दौड़ाया था. इसके बाद चौकी इंचार्ज को तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.
दूसरे दिन दबंगों की तहरीर पर पुलिस ने पीड़ित को ही धमकाया. रात 2 बजे घर पहुंचकर गाली-गलौज की. पीड़ित परिजनों का आरोप है कि चौकी इंचार्ज और उन के साथ आए दो सिपाहियों ने 50 हजार की डिमांड की थी.
मृतक के पिता राम सुजग वर्मा ने तहरीर देकर अपने बेटे की हत्या का आरोप अपने पड़ोसियों पर लगाया है. तहरीर में उसने पहले तेजाब पिलाने और फिर चेहरे पर तेजाब डालकर हत्या का आरोप लगाया है.
उन्होंने बताया कि पड़ोस के राजन और उनके भाइयों से कई सालों से रंजिश चल रही थी. 28 अप्रैल को राजन और उस के भाई भल्लर, कृष्ण, सौरभ और चंदन ने गया प्रसाद को मारने के लिए दौड़ा लिया था. इसकी शिकायत लेकर चौकी पर गए तो पुलिस ने उल्टा उन्हें ही बैठा लिया गया.
मौका पाकर विपक्षियों ने गया प्रसाद को पकड़ लिया उसको पहले तेजाब पिलाया, उसके बाद चेहरे पर तेजाब डाल कर मौत के घाट उतार दिया.
यह भी पढ़ें: BHU में तैयार हुआ औषधीय पिज्जा; स्वाद के साथ सेहत का खजाना, मिलेगी भरपूर एनर्जी

