बिहार में अस्पताल की वार्ड गर्ल पर एसिड अटैक, बाल-बाल बची!
नालंदा में वार्ड गर्ल पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है. पुलिस ने इसे टॉयलेट क्लीनर बताया और बोतल बरामद किया है. पढ़ें-

Published : November 9, 2025 at 3:12 PM IST
नालंदा: बिहार के नालंदा में बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल परिसर में एक वार्ड गर्ल पर संदिग्ध परिस्थितियों में तेजाब जैसा पदार्थ फेंका गया. पीड़िता बाल-बाल बच गई, लेकिन घटना से पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया. पुलिस ने इसे प्रारंभिक तौर पर एसिड अटैक मानने से इनकार किया है.
अस्पताल जा रही थी पीड़िता: वार्ड गर्ल नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है. वर्तमान में वह बिहारशरीफ में किराए के मकान में परिवार के साथ रहती है. वह सदर अस्पताल में आउटसोर्सिंग के आधार पर वार्ड गर्ल के रूप में कार्यरत है.
कैसे हुई घटना?: वार्ड गर्ल ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे वह ड्यूटी जॉइन करने अस्पताल पहुंची थी. पुराने लेबर रूम के पास जैसे ही वह पहुंची, अचानक किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर बोतल में भरा केमिकल फेंक दिया. केमिकल उनके चेहरे और शरीर पर छिटक गया, जिससे वह घबरा गई और चिल्लाते हुए मुख्य भवन की ओर भागी.
"मैं रोज की तरह अस्पताल में ड्यूटी पर जा रही थी. जैसे ही पुराने लेबर वार्ड के पास पहुंची, किसी अज्ञात व्यक्ति ने मेरे पर बाहर से एसिड जैसा पदार्थ फेंका. अचानक जलन महसूस हुई तो शोर मचाया. आसपास के लोगों के पहुंचने से हमलावर मौके से फरार हो गया."-वार्ड गर्ल
अस्पताल में मची अफरा-तफरी: केमिकल की तेज गंध से पूरे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. वार्ड गर्ल ने तुरंत अपने साथी स्टाफ को घटना की जानकारी दी. अस्पताल प्रशासन ने फौरन बिहारशरीफ सदर थाना को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने परिसर को सील कर दिया.

पुलिस ने बरामद की टूटी बोतल: पुलिस ने घटनास्थल से टूटी हुई प्लास्टिक की बोतल बरामद की है, जिसमें शौचालय सफाई में इस्तेमाल होने वाला हार्पिक जैसा गाढ़ा नीला केमिकल था. बोतल को फॉरेंसिक जांच के लिए FSL टीम को सौंप दिया गया है. अस्पताल के सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
DSP का बयान: एसिड अटैक नहीं: सदर DSP नूरुल हक ने बताया, “प्रारंभिक जांच में यह एसिड अटैक नहीं लग रहा. शरारती तत्वों ने टॉयलेट क्लीनर फेंका है. फिर भी हर एंगल से जांच की जा रही है.” उन्होंने कहा कि पीड़िता के मोबाइल में कई संदिग्ध नंबर ब्लॉक मिले हैं, जिनकी CDR निकाली जा रही है.
“प्रारंभिक जांच में यह एसिड अटैक नहीं, बल्कि शरारती तत्वों द्वारा टॉयलेट क्लीनर फेंका जाना प्रतीत होता है. पीड़िता का मोबाइल जब्त कर लिया गया है, 24 घंटे में आरोपी पकड़ा जाएगा.”-नूरुल हक, सदर DSP
क्या कहती है पुलिस: पुलिस ने महिला का मोबाइल जब्त कर लिया है. रविवार सुबह से ही अस्पताल स्टाफ से पूछताछ शुरू हो गई है. DSP ने बताया कि 24 घंटे के अंदर आरोपी की पहचान कर ली जाएगी. फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और धारा 326(A) के तहत कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें-
24 साल की लड़की से 45 वर्षीय शख्स को था एकतरफा प्यार, शादी न हो इसलिए चेहरे पर फेंका तेजाब
बिहार में BJP नेता की बेटी पर एसिड अटैक, घर में घुसकर चेहरे पर फेंका तेजाब

