ETV Bharat / state

बच्चों को रस्सी से बांधकर डंडे से पीटा, मासूमों को तालिबानी सजा देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार में बच्चों को रस्सी से बांधकर पीटने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है.

Roorkee
मासूमों को तालिबानी सजा देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार (PHOTO-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 21, 2026 at 7:13 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक चोरी करने के आरोप में चार मासूम बच्चों को रस्सी से बांधकर डंडे से बेरहमी से पीटने और बंधक बनाकर प्रताड़ित करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. ईटीवी भारत ने इस पूरे घटनाक्रम को विस्तार से प्रकाशित किया था, जिसके बाद कलियर पुलिस हरकत में आई और तत्काल संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दबिश देकर दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई. घटना से संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.

दरअसल, पिरान कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में चार नाबालिग मासूमों को कोल्ड ड्रिंक चोरी के आरोप में तालिबानी सजा दी गई थी. इतना ही नहीं, पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया. इस शर्मनाक घटना में मासूम बच्चों पर जिस तरीके से अत्याचार किया गया, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. वायरल वीडियो में बच्चों को रस्सी से बांधा हुआ था और उन्हें डरा-धमकाकर उनके साथ डंडे से मारपीट की जा रही थी.

इस पूरे प्रकरण को ईटीवी भारत ने प्रमुखता से दिखाया. जिसके बाद इस मामले को गंभीरता से देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले का खुलासा करने के दिशा-निर्देश दिए गए थे. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने जांच के बाद मेघराज और महावीर के खिलाफ संबंधित धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया. मुकदमा दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर पिरान कलियर थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, पुलिस की इस तत्काल कार्रवाई से यह संदेश गया है कि बच्चों के साथ क्रूरता और कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
-शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात-

ये भी पढ़ें: कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में मासूमों की पिटाई से लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग