ETV Bharat / state

मंदिर के बाहर नमाज पढ़ रहे व्यक्ति से मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अब दूसरे वायरल वीडियो ने बढ़ाई आफत

रुद्रपुर में मंदिर प्रबंधक को दूसरे समुदाय के शख्स को पीटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है

RUDRAPUR NAMAZ CONTROVERSY
रुद्रपुर मारपीट मामला (File Photo- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : March 4, 2026 at 10:58 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के अटरिया देवी मंदिर परिसर के बाहर नमाज पढ़ रहे युवक से मारपीट के मामले में पुलिस ने मंदिर प्रबंधक अरविंद शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस घटना के बाद एक और वीडियो वायरल होने से मामला और गरमा गया है. इसमें आरोपी एक बच्ची से धार्मिक नारा लगवाते नजर आ रहा है.

उधम सिंह नगर में मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में स्थित अटरिया देवी मंदिर परिसर के बाहर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक मंदिर के बाहर खाली पड़े मैदान में नमाज अदा कर रहा था. इसी दौरान मंदिर प्रबंधक अरविंद शर्मा वहां पहुंचते हैं और कथित तौर पर नमाज पढ़ रहे युवक से गाली-गलौज करने लगते हैं.

शाहिद ने मंदिर प्रबंधक के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा: वीडियो में देखा गया कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपी युवक की डंडे से पिटाई करता है. मारपीट का शिकार युवक की पहचान शाहिद के रूप में हुई थी. घटना के बाद शाहिद मुस्लिम समाज के लोगों के साथ पुलिस के पास पहुंचा था. उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए अरविंद शर्मा और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था.

एसएसपी ने बताया मंदिर प्रबंधक को जेल भेजा गया: स मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि-

शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच के बाद बीती रात पुलिस ने मुख्य आरोपी अरविंद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. दूसरे आरोपी की तलाश जारी है.
-अजय गणपति, एसएसपी, उधम सिंह नगर-

मंदिर प्रबंधक का एक और कथित विवादित वीडियो वायरल: इसी बीच, अरविंद शर्मा का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह दूसरे समुदाय की एक बच्ची से कथित तौर पर धार्मिक नारा लगवाते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है.

पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सभी वीडियो की जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने अफवाहों से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है.
ये भी पढ़ें: रुद्रपुर में मंदिर के पास नमाज पढ़ने को लेकर विवाद, प्रबंधक पर शख्स को पीटने का आरोप, मुकदमा दर्ज