ETV Bharat / state

बहराइच: पूछताछ या प्रताड़ना ? रामगांव थाने में आरोपी की मौत पर मचा बवाल, 3 पुलिसकर्मियों पर हत्या की FIR !

बहराइच के रामगांव थाने का मामला, कोतवाल देहात को सौंपी गई मामले की जांच.

बहराइच में कस्टडी में मौत.
बहराइच में कस्टडी में मौत. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 3:26 PM IST

|

Updated : February 27, 2026 at 4:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बहराइच: जिले के रामगांव थाने में नाबालिग के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस पूछताछ के दौरान तबियत बिगड़ गई और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. साथ ही इस मामले की जांच कोतवाल देहात को सौंपी गई है. दूसरी ओर परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन भी किया है.

बहराइच में कस्टडी में मौत. (Video Credit; ETV Bharat)

पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम रामगांव थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने थाने पर लिखित शिकायत दी थी कि उसकी 10 वर्षीय बेटी के साथ रामगोपाल उर्फ राकेश श्रीवास्तव ने घर में घुसकर छेड़छाड़ व बलात्कार की घटना को अंजाम दिया है. इस मामले में रामगांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया. आरोपी को थाने लाकर पूछताछ शुरू की, लेकिन इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई. इसके बाद पुलिस ने परिजनों को इसकी जानकारी दी.

मृतक के भतीजे अंकुर श्रीवास्तव के साथ एसएसआई शैलेन्द्र कुमार यादव द्वारा आरोपी को उसके द्वारा ही संचालित नर्सिंग होम में लाया गया. जहां से परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

इस मामले में परिजनों का कहना है कि जब रामगोपाल को थाने ले जाया गया तो उन्हें उनसे मिलने नहीं दिया गया. साथ ही थाने से भगा दिया गया. पुलिस ने रामगोपाल को प्रताड़ित किया है, जिससे उनकी मौत हुई है. मृतक रामगोपाल के बेटे अनिकेत ने इस मामले में तहरीर दी. उच्चाधिकारियों के आदेश पर रामगांव थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह व कांस्टेबल पवन कुमार समेत तीन पुलिसकर्मियों पर हत्या व मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है.

साथ ही प्रकरण की जांच कोतवाल देहात दद्दन सिंह को सौंपी गई है. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सीओ पवन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता चल सकेगा. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी.

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में नाली के विवाद में अधिवक्ता की पीट-पीटकर हत्या, लाठी-डंडे से किया हमला

Last Updated : February 27, 2026 at 4:35 PM IST