ETV Bharat / state

कानपुर में शराब सेल्समैन का हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, बदमाश के पैर में लगी गोली

पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार कर रही हैं छापेमारी.

हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 9, 2026 at 2:15 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर: बिधनू थाना क्षेत्र में रविवार देर रात शराब ठेके के सेल्समैन की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जहां पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने बदमाश के पैर में गोली मारी, जिससे वह घायल हो गया. इसके बाद पुलिस उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

विवाद के दौरान उदय की मौत: पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले बिधनू के भवानीपुर गांव के पास एक देशी शराब के ठेके के सेल्समैन उदय सिंह की कुछ युवकों से विवाद हो गया था. इस दौरान उदय सिंह ने युवकों को शराब देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बाद इलाज के दौरान उदय की मौत हो गई थी.

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया, मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या का एक आरोपी बाइक से सचेंडी की तरफ जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने बिधनू-सचेंडी मार्ग पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया.

बदमाश ने पुलिस टीम पर की फायरिंग: इसी बीच एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर वह भागने लगा. जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में की गई पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे पकड़ लिया गया. घायल आरोपी की पहचान फतेहपुर निवासी छोटू उर्फ चांद उर्फ निसार के रूप में हुई है.

डीसीपी ने बताया कि बदमाश शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही लूट व चोरी जैसे करीब आधा दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस की कई टीमें उन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.

यह भी पढ़ें: कानपुर में 2.70 लाख लूटकांड में तीन गिरफ्तार; पुलिस मुठभेड़ में दो के पैर में लगी, 2.38 लाख रुपये बरामद

यह भी पढ़ें: कानपुर में पति-पत्नी और डेढ़ साल की बच्ची को बनाया बंधक, प्रॉपर्टी डीलर ने एक माह तक रखा कैद, फेसबुक से बची जान