शख्स को पिता की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग करना पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
एक शख्स को पिता की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 17, 2026 at 9:40 AM IST
|Updated : January 17, 2026 at 11:31 AM IST
हल्द्वानी: एक शख्स को पिता की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग करना महंगा पड़ गया. हल्द्वानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही मामले की जांच की जा रही है. एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक हथियारों की प्रदर्शनी और हर्ष फायरिंग करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हल्द्वानी में लोहड़ी पर्व के दौरान की गई हर्ष फायरिंग का मामला सामने आने के बाद नैनीताल पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक शख्स को सार्वजनिक स्थान पर रिवॉल्वर से फायरिंग करते हुए देखा गया, जिससे आमजन में दहशत का माहौल बन गया. मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो फेसबुक प्लेटफॉर्म पर जसमीत सिंह नामक यूजर द्वारा पोस्ट किया गया था. वीडियो में लोहड़ी पर्व के अवसर पर खुलेआम शस्त्र लहराकर फायरिंग की जा रही थी, जो कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती थी. एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने वीडियो फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान जसमीत सिंह, निवासी हल्द्वानी के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से फायरिंग में प्रयुक्त रिवॉल्वर भी बरामद की गई.
जांच में यह भी सामने आया कि बरामद रिवॉल्वर आरोपी के पिता के नाम पर लाइसेंसी है, जिसका दुरुपयोग किया गया. इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. साथ ही लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग को लेकर भी विस्तृत जांच की जा रही है. एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शस्त्रों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध है और इससे किसी की भी जान को खतरा हो सकता है. उन्होंने आम जनता से अपील की कि त्योहारों या खुशी के किसी भी मौके पर इस तरह की लापरवाही न करें. एसएसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
पढ़ें: लक्सर हर्ष फायरिंग मामले में आया नया मोड़, मृतक बच्चे के पिता ने बताई सच्चाई, मुकदमा दर्ज

