100 से ज्यादा साइबर ठगी में कनेक्शन, 65 लाख की ठगी, हत्थे चढ़ा साइबर ठग
फर्रुखाबाद पुलिस को मिली सफलता, कई मामलों को लेकर की पूछताछ.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 10:48 AM IST
फर्रुखाबाद: फर्रुखाबाद जिले में गुरुवार को थाना साइबर पुलिस टीम द्वारा देशभर में 100 से अधिक साइबर शिकायतों में सलिप्त व करीब 65 लाख रुपए की ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उससे साइबर ठगी के मामलों को लेकर काफी पूछताछ की. पुलिस के हाथ कई सबूत लगे हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
इस बारे में सीओ अभय वर्मा ने बताया कि अभियुक्त का नाम जागेश्वर है. वह गुडेरा थाना अमृतपुर का रहने वाला है. अभियुक्त द्वारा मोबाइलों से एक ऐप पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों के व्हाट्सऐप पर कॉल करने और फिर साइबर ठगी करने की सूचना मिली है. व्हाट्सएप नंबर से चैट करके वह बुकिंग का एडवांस लेकर धोखाधड़ी करता था. इस ठगी में वह फर्म के जीएसटी नंबर और फर्जी कागजों का भी इस्तेमाल करता था. इनके जरिए वह साइबर ठगी को अंजाम देता था.
इसके विरुद्ध देश के अलग-अलग राज्यों के जनपदों से साइबर ठगी से संबंधित लगभग 100 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं. इस दौरान अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों से फर्जी ट्रांसपोर्ट सुविधा देने के नाम पर अब तक करीब 65 लाख रुपए तक की साइबर ठगी कर चुका है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं. इन मोबाइल पर व्हाट्सऐप चैट भी मिली है. पुलिस इसकी जांच कर रही है. साथ ही साइबर ठगी को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है.

