ETV Bharat / state

हिमाचल में हिरण को मार कर उखाड़ लिए सींग, वन्यजीव तस्करी की आशंका!

वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है. वन विभाग अलर्ट.

Deer killed in Nadaun
नादौन में हिरण का शिकार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 27, 2025 at 5:24 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल में वन्यजीव की तस्करी की आशंका से वन विभाग में हड़कंप मच गया है. टिल्लू वन बीट क्षेत्र में एक सांभर (हिरण) का शव मिलने से वन विभाग और प्रशासन में एक्शन मोड में आ गया है. मृत सांभर के सींग गायब पाए जाने के चलते सीधे तौर पर सींग तस्करी और अवैध शिकार की संभावना जताई जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तुरंत जांच शुरू कर दी है. साथ ही जंगलों में गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया है. साथ ही पुलिस को भी मामले की जानकारी देकर वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत केस दर्ज करवा दिया गया है.

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने टिल्लू वन बीट क्षेत्र में एक सांभर को मृत अवस्था में देखा. शव काफी समय से पड़ा होने के कारण दुर्गंध आने लगी थी, जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. जांच के दौरान यह सामने आया कि मृत सांभर के सींग उखाड़ लिए गए हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई.

नादौन में वन्यजीव तस्करी की आशंका

वन विभाग द्वारा पशुपालन विभाग के डॉक्टरों की सहायता से मृत सांभर का पोस्टमार्टम करवाया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह जानवर करीब 15 दिन पहले मरा हुआ बताया जा रहा है, क्योंकि शव के कई अंग खराब हो चुके थे. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा.

सींग गायब होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि, जानवर को जानबूझकर मारा गया हो और उसके सींग तस्करी के उद्देश्य से ले जाए गए. घटना के बाद वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. टिल्लू वन बीट सहित आसपास के जंगल क्षेत्रों में फील्ड स्टाफ को गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. वन्यजीव संरक्षण को लेकर विभाग ने स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है.

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन

जिला वन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने बताया कि, "मृत जानवर का पोस्टमार्टम पशुपालन विभाग के डॉक्टरों से करवाया गया है. अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर मौत करीब 15 दिन पहले होने की बात सामने आई है. सींग गायब होने का मामला बेहद गंभीर है, इसलिए वन विभाग ने जांच तेज कर दी है और पुलिस में भी मामला दर्ज करवाया गया है. दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. जांच में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगा."

ये भी पढ़ें: IGMC में डॉक्टरों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, डॉ. राघव का टर्मिनेशन वापस लेने की मांग पर अड़े, मरीज परेशान

ये भी पढ़ें: IGMC डॉक्टर बर्खास्तगी मामले में HMA ने दी सरकार को चेतावनी, अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया ऐलान, स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई