हिमांशु सिंह हत्याकांड: तीन आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल, मुख्य आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर
जमशेदपुर के हिमांशु सिंह हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Published : July 8, 2026 at 8:34 PM IST
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित 'डबल डाउन बार' के बाहर 27 जून की रात हुई हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने बार के मालिक और बीजेपी नेता नीरज सिंह समेत तीन आरोपियों को जेल भेज दिया. जेल भेजने से पहले बीजेपी नेता नीरज सिंह को मीडिया के सामने पेश किया गया. वहीं मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया.
एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने बताया कि नीरज सिंह के साथ दो और आरोपियों को भी इस मामले में जेल भेजा गया है. जेल भेजने से पहले उन सभी का एमजीएम अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया गया. उन्होंने बताया कि नीरज सिंह के अलावा पुलिस ने ओडिशा के मयूरभंज जिले के बहलदा थाना क्षेत्र के सिजुकोला गांव के रहने वाले सुदर्शन मंडल (उर्फ लल्टू) और उसी थाना क्षेत्र के दालसोरा के रहने वाले राजेश मंडल को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, पुलिस ने उनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए. घटना के दिन ये दोनों आरोपी घटनास्थल पर मौजूद थे.
एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने बताया कि 27 जून की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में डबल डाउन बार के बाहर हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्युष सिंह पर चापड़ से जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वे घायल हो गए थे. बाद में इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई. हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई थी, जिसने तकनीकी सबूतों के आधार पर कार्रवाई की और सभी सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की. बार के मालिक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले में खाटू श्याम मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया गया.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ओडिशा के रहने वाले सुदर्शन मंडल (उर्फ लाल्टू) और राजेश मंडल भी इस हत्याकांड में शामिल थे. इसके बाद उन्हें ओडिशा के रायरंगपुर से गिरफ्तार किया गया. एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बीजेपी नेता नीरज सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है. इससे पहले 1 नवंबर 2022 को कदमा थाने में मारपीट और आपराधिक धमकी देने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.
एसएसपी ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल (उर्फ बोदरा) ने पुलिस की लगातार छापेमारी के बाद जमशेदपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस ने ₹2 लाख के इनाम की घोषणा की थी. अब तक इस हत्या के मामले में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है. साक्ष्य के आधार पर अब तक की कार्रवाई की गई है. पुलिस पूछताछ के लिए सभी आरोपियों को रिमांड पर लेगी. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें:
हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले में राज्यपाल से मिला भाजपा शिष्टमंडल, सीबीआई से जांच कराने की मांग

