ETV Bharat / state

ईओ-आरओ भर्ती में ब्लूटूथ से नकल करने वाला दस हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में एसओजी अब तक 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.

EO RO Recruitment Exam
ब्लूटूथ से नकल का इनामी आरोपी गिरफ्तार (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 8, 2026 at 7:45 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: स्वायत्त शासन विभाग में अधिशासी अधिकारी (ईओ) और राजस्व अधिकारी (आरओ) भर्ती-2022 में ब्लूटूथ से नकल के मामले में स्पेशल ऑपेरशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी पर दस हजार रुपए का इनाम था. उसने तुलछाराम कालेर और पौरव कालेर गैंग की मदद से ब्लूटूथ के जरिए नकल की थी. अब तक इस मामले में एसओजी 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि ईओ-आरओ भर्ती में कालेर गैंग की मदद से ब्लूटूथ के जरिए नकल करने के आरोपी मितेश कुमार को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है.

मामला सामने आने के बाद से था फरार: यह मामला सामने आने के बाद से ही वह फरार चल रहा था. वह बीकानेर जिले के खारी गांव का रहने वाला है. उसकी गिरफ्तारी पर एसओजी ने दस हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था. उसकी गिरफ्तारी में एटीएस की बीकानेर यूनिट के कांस्टेबल भवानी सिंह व जितेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही.

पढ़ें: EO-RO में ब्लूटूथ से नकल करने का आरोपी गिरफ्तार, SOG ने रखा था 10 हजार का इनाम

2024 में एसओजी ने दर्ज किया मुकदमा: उन्होंने बताया कि ईओ-आरओ भर्ती-2022 के संबंध में कई अभ्यर्थियों द्वारा अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर नकल करने की शिकायत मिली थी. जांच और तकनीकी विश्लेषण से सामने आया कि तुलछाराम कालेर और पौरव कालेर गैंग ने सालासर की एक होटल में बैठकर अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ के जरिए नकल करवाई थी. इसे लेकर 19 अक्टूबर 2024 को एसओजी ने मुकदमा दर्ज किया था. इस मामले में अब तक तुलछाराम कालेर और पौरव कालेर सहित 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.