100 CCTV फुटेज, 6 पुलिस टीमें फिर मिली कामयाबी, 5 साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार
अलवर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था.

Published : June 26, 2026 at 10:51 AM IST
अलवर: जिले के एक थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में 5 साल की बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के आरोपी को अलवर पुलिस की विशेष टीम ने गुरुवार देर रात जयपुर से हिरासत में ले लिया. आरोपी दौसा जिले का निवासी है. इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें युवक बाइक पर मासूम को आगे बैठाकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है. पुलिस की छह टीमों ने सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर उसे पकड़ा. फिलहाल पुलिस प्रकरण में आरोपी से पूछताछ कर रही है.
अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि घटना के बाद प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान के लिए राजगढ़ व थानागाजी डीएसपी के नेतृत्व में 6 टीमों का गठन किया गया. पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी. उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात दौसा जिले के निवासी आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि घटना के बाद आईजी राहुल प्रकाश भी अलवर पहुंचे और प्रकरण में कार्रवाई की जानकारी ली तथा आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था. उन्होंने बताया कि आरोपी जयपुर में छिपने का प्रयास कर रहा था, जिसे गिरफ्तार किया गया है. आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है.
सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले: एसपी चौधरी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया. इसके लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मी लगातार कार्य कर रहे थे. उन्होंने बताया कि प्रकरण दर्ज होने के 12 घंटे के अंदर ही पीड़िता की मेडिकल जांच व बयान दर्ज कराए गए. घटना के बाद मौके पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड टीम सहित अन्य टीमों ने जाकर साक्ष्य जुटाए.
ये था मामला: जिले के एक थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को 5 साल की एक मासूम के साथ एक युवक ने दरिंदगी कर मासूम को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया था. परिजनों को घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस को अवगत कराया गया. इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें युवक बाइक पर मासूम को आगे बैठाकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है. फिलहाल पुलिस प्रकरण में आरोपी से पूछताछ कर रही है.

