गुरुग्राम में फिल्मी अंदाज में पुलिस की गिरफ्त से आरोपी भागा, पुलिस ने पीछा कर किया गिरफ्तार
गुरुग्राम में हिरासत से भागे आरोपी को पुलिस जवान ने पीछा कर तुरंत गिरफ्तार कर लिया.

Published : December 9, 2025 at 8:52 PM IST
गुरुग्राम: स्थानीय सिविल अस्पताल के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब किडनैपिंग के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया. हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को अस्पताल से कुछ ही दूरी पर पीछा कर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की इस हरकत का पूरा घटनाक्रम अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है. सीसीटीवी कैमरे में किडनैपर भागते हुए नजर आ रहा है और पीछे-पीछे तीन से चार पुलिसकर्मी उसको पकड़ने के लिए भागते हुए नजर आ रहे हैं.
मेडिकल जांच से पहले ही आरोपी भागाः दरअसल रविवार को पुलिस ने आरोपी आशीष को अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया था. आज सुबह उसे मेडिकल जांच के लिए गुरुग्राम सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था. गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप ने बताया कि "मेडिकल प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही आशीष ने पुलिसकर्मियों का ध्यान भटकने पर हाथ छुड़ाया और तेजी से बाहर की ओर भाग गया."
आरोपी जेल भेजा गयाः पीआरओ ने बताया कि "जैसे ही आरोपी अस्पताल से भागा, बाहर खड़े लोग भी हैरान रह गए. घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर आरोपी को पकड़ लिया और उसे दोबारा कस्टडी में ले लिया. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. फिलहाल आरोपी आशीष को न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है."

