पटना में जमीन विवाद के बाद फायरिंग, भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला
पटना में जमीन विवाद के बाद गोलीबारी हुई है. इस दौरान ग्रामीणों ने एक आरोपी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पढ़ें पूरी खबर..

Published : August 6, 2026 at 2:04 PM IST
पटना: राजधानी पटना में फायरिंग और पीट-पीटकर हत्या की खबर सामने आई है. फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में पहले ताबड़तोड़ फायरिंग हुई और उसके बाद भाग रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों ने जमकर पीटा. इस घटना में एक आरोपी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है.
जमीन विवाद में चली गोली: पुलिस के अनुसार, फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक गांव में मंगलवार रात जमीन विवाद को लेकर तीन युवकों ने सुरेश सिंह उर्फ मास्टर साहब पर फायरिंग कर दी. हालांकि वह हमले में बाल-बाल बच गए. वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से भागने लगे.
ग्रामीणों ने पीछा कर दो आरोपियों को दबोचा: फायरिंग की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा किया और परसा बाजार थाना क्षेत्र के धमौल गांव के पास दो आरोपियों को पकड़ लिया. गुस्साए लोगों ने दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी. वहीं, तीसरा आरोपी भागने में कामयाब रहा.
एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती: सूचना पर परसा बाजार और गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भेजा. सुरेश कुमार (28 वर्ष) की पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि विवेक कुमार (22 वर्ष) निजी अस्पताल में भर्ती है.
कारतूस और चोरी की बाइक बरामद: पटना सदर एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक बाइक बरामद की गई है. उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि बरामद बाइक फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
"प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आई है. फायरिंग और मारपीट की घटना हुई है. दोनों मामलों में अलग-अलग कानूनी कार्रवाई की जा रही है. दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी."- रंजन कुमार, सदर एसडीपीओ, पटना
ये भी पढ़ें: बिहार में ताबड़तोड़ फायरिंग, नीतीश कुमार के पैतृक घर के सामने दो युवकों को मारी गोली

