साहिबगंज हत्या मामला: दिल्ली से दबोचा गया आरोपी, जंगल में छिपा रखा था शव
साहिबगंज अपहरण और हत्या मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी गिरफ्तार किया है.

Published : May 25, 2026 at 12:01 PM IST
रांची: झारखंड के साहिबगंज जिले में हुए अपहरण और हत्या मामले को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने सुलझा लिया है. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी हत्या के बाद दिल्ली में छिपकर रह रहा था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखदेव मुर्मू उर्फ ताला के रूप में हुई है. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उसे यमुना बाजार इलाके से दबोचा और बाद में झारखंड पुलिस को ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया.
पुलिस के मुताबिक साहिबगंज के बोरियो थाना क्षेत्र में 21 मई को चंपई मरांडी के लापता होने का मामला दर्ज हुआ था. जांच के दौरान करीब 10 दिन बाद जंगल से उसका शव बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं. जांच में सामने आया कि हत्या से पहले मृतक आरोपियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद शव को जंगल में छिपा दिया गया ताकि सबूत मिटाए जा सकें.
दिल्ली क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि हत्या में शामिल आरोपी सुखदेव मुर्मू दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद इंस्पेक्टर विनय कुमार के नेतृत्व में टीम ने हनुमान मंदिर के पास जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 12 मई को वह अपने साथियों बाबूजी मरांडी, मंगल टुडू और मृतक चंपई मरांडी के साथ शराब पी रहा था. इसी दौरान झगड़ा बढ़ने पर उसके साथियों ने चंपई की हत्या कर दी, जिसमें उसका भी सहयोग था.
डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव ने बताया कि क्राइम ब्रांच और झारखंड पुलिस के बीच लगातार समन्वय बनाकर कार्रवाई की गई. आरोपी हत्या के बाद फरार होकर दिल्ली में छिपा हुआ था, लेकिन तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

