दुमका में युवती के साथ यौन शोषण मामले में आरोपी गिरफ्तार, पर महिला की संदेहास्पद मौत का खुलासा नहीं
दुमका में युवती के साथ यौन शोषण मामले में आरोपी पकड़ा गया है.

Published : May 23, 2026 at 1:23 PM IST
दुमका: जिले के शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस ने युवती के साथ यौन शोषण के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम सोमलाल हांसदा है. आरोपी पर 20 वर्षीय एक युवती के साथ लगातार डेढ़ साल तक यौन शोषण करने का आरोप है.
आरोपी सोमलाल हांसदा की गिरफ्तारी पुलिस ने शिकारीपाड़ा बाजार से की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता का घर आरोपी के गांव से कुछ ही किलोमीटर दूर पर स्थित है. लगभग दो साल पहले दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए थे.
शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व 16 मई को युवती ने थाने में आवेदन देकर सोमलाल हांसदा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. आवेदन में युवती ने बताया था कि सोमलाल हांसदा शादी का प्रलोभन देकर लगातार उसका यौन शोषण कर रहा है. जब युवती ने शादी के लिए दबाव डाला तो वह साफ मुकर गया. इस आवेदन पर शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 50/26 दर्ज की गई . जिसमें धारा 69 बीएनएस अंकित किया गया.
थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के द्वारा आवेदन देने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी. जिसमें पुलिस को सफलता मिली है और आरोपी पकड़ा गया है. आरोपी से पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है.
महिला की मौत मामले में नहीं मिला कोई सुराग
इधर, दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के एक गांव में दो दिन पूर्व 21 मई की रात एक 38 वर्षीय महिला की लाश बरामद की गई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. परिजनों के द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार महिला शाम में किसी कार्य से अपने घर से निकली थी, लेकिन रात भर वापस नहीं आई. सुबह घर से थोड़ी दूर एक जोरिया के किनारे (छोटी नदी) उसकी लाश बरामद की गई थी. मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
महिला की हत्या के मामले में काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचेगी.
ये भी पढ़ें-
दुमका में 6 दिन बाद मिला बच्चे का शव, खदान में नहाने के दौरान डूबने से हुई मौत
विवाहिता से प्रेम संबंध में हुई थी डीजे संचालक की हत्या, एक महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार

