नाबालिग को झांसा देकर दैहिक शोषण, आरोपी की रायपुर से हुई गिरफ्तारी
नाबालिग को झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 22, 2026 at 2:40 PM IST
कांकेर : नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर लगातार दैहिक शोषण करने के मामले में कांकेर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है.सायबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे रायपुर के मंदिर हसौद क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
नाबालिग का झांसा देकर किया शोषण
कांकेर कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू के मुताबिक 4 अगस्त 2026 को पीड़िता के भाई ने सिटी कोतवाली कांकेर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि साल 2025 में रायपुर में रोजी-मजदूरी के दौरान उसकी नाबालिग बहन की पहचान आरोपी से हुई थी. इसके बाद आरोपी कांकेर में एक निर्माणाधीन मकान में काम करने आया. आरोप है कि इस दौरान उसने नाबालिग को प्रेम का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद सितंबर 2025 से लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए.
रायपुर से की गई आरोपी की गिरफ्तारी
इस मामले में सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने बीएनएस की धारा 64(1), 64(2)(ड) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान सायबर सेल कांकेर की तकनीकी सहायता से आरोपी की तलाश की गई. पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रायपुर के मंदिर हसौद क्षेत्र स्थित रीम्स अस्पताल में काम कर रहा है. थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को अभिरक्षा में लिया.
पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कांकेर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.कांकेर पुलिस ने अपील की है कि अपराध पर नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी है. संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधियों की सूचना कांकेर पुलिस की अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 पर दी जा सकती है.
पशु तस्करी के खिलाफ केसीजी पुलिस का शिकंजा, मवेशियों से भरे दो पिकअप जब्त

