बिहार में पिछले साल BJP नेता के बेटे को गोलियों से भूना, अब अपराधियों ने केस उठाने के लिए दी धमकी, एक गिरफ्तार
गया में भाजपा नेता के बेटे की हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है. आरोपी का हथियार लहराते धमकी देने वाला वीडियो वायरल. पढ़ें-

Published : January 4, 2026 at 11:39 AM IST
गया: बिहार के गया जिले में अपराधी बेखौफ होकर दहशत फैला रहे हैं. कोतवाली थाना क्षेत्र में भाजपा नेता उपेंद्र पासवान के बेटे सौरभ कुमार की हत्या के बाद अब अपराधियों का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें हथियार लहराते हुए धमकियां दी जा रही है.
वायरल वीडियो में हथियार लहराते अपराधी: वायरल वीडियो में आरोपी आकाश पासवान हथियार लहराते नजर आ रहा है. वह पीड़ित परिवार को केस वापस लेने की धमकी दे रहा है. वीडियो में फायरिंग नहीं दिख रही, लेकिन इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश साफ झलक रही है.
पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी सूचना: उपेंद्र पासवान ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आकाश पासवान उनके घर के दरवाजे पर आकर फायरिंग कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है. सौरभ की हत्या से जुड़े पुराने केस का हवाला देते हुए नया मुकदमा दर्ज किया गया.
फरार आरोपी गिरफ्तार: सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी शुरू की, लेकिन शुरू में आकाश पासवान फरार हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद मगध आईजी क्षत्रनील सिंह ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.
आईजी के निर्देश पर लगातार छापेमारी: मगध आईजी क्षत्रनील सिंह ने बताया कि उनके सख्त निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने लगातार छापेमारी की. आखिरकार आकाश पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है. हालांकि, हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है और पूछताछ जारी है.
"मामले की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना की पुलिस को निर्देशित किया गया. कोतवाली थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश पासवान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है."-क्षत्रनील सिंह, आईजी मगध
सौरभ कुमार की सरेआम हुई थी हत्या: बीते महीने अपराधियों ने सौरभ कुमार को घेरकर ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना सरेआम हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी. हत्या के बाद पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन अपराधी अभी भी सक्रिय हैं.
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल: इस घटना ने गया की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़े नेता के परिवार को धमकियां मिलने के बावजूद अपराधियों के हौसले पस्त नहीं हो रहे. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें-
गया में बीजेपी नेता के बेटे की हत्या मामले में मेयर आरोपी, महागठबंधन नेताओं ने फंसाने का लगाया आरोप
गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बिहार, BJP नेता के पुत्र की सरेआम गोली मारकर हत्या

