MP से पिस्टल लाकर कानपुर में सप्लाई करने वाला गिरफ्तार; आरोपी पर पहले भी गैंगस्टर की कार्रवाई
आरोपी थाना कोतवाली फतेहपुर का रहने वाला है और मेडिकल स्टोर का भी संचालन करता था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 10:48 AM IST
कानपुर: महाराजपुर थाना पुलिस टीम को यह सूचना मिली थी, कि फतेहपुर का रहने वाला एक व्यक्ति कानपुर आकर अवैध पिस्टलें बेचता है. सटीक जानकारी के बाद जब पुलिस ने कानपुर-फतेहपुर बार्डर पर नाकाबंदी कर चेकिंग की. आरोपी मो. अजीम खान को तीन अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है.
आरोपी ने पुलिसकर्मियों को बताया कि वह मध्य प्रदेश के खंडवा से अवैध पिस्टलें मंगवाता था. जिन्हें कानपुर व आसपास अन्य शहरों में बेच देता था. इस पूरे मामले पर डीसीपी पूर्वी ने मीडिया ब्रीफिंग की है.
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी मो. अजीम चोरी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है. उस पर गैंग्स्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है. फतेहपुर जेल में रहने के दौरान उसकी मुलाकात खंडवा मध्य प्रदेश निवासी प्रशांत से हुई थी.
वह अवैध पिस्टल्स का सप्लायर है. मो. अजीम प्रशांत से 30 हजार रुपए में पिस्टल खरीदता था और उसे 40 से 50 हजार रुपए में बेच देता था. मो. अजीम के खिलाफ अब तक जहां-जहां भी मुकदमे दर्ज हैं, पुलिस उनकी जानकारी कर रही है.
आरोपी थाना कोतवाली फतेहपुर का रहने वाला है और मेडिकल स्टोर का भी संचालन करता था. अभी तक हुई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कानपुर में 8 से 10 लोगों को अवैध पिस्टल्स बेची है.
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि जिन लोगों ने आरोपी से अवैध पिस्टल्स खरीदी हैं, अब उन्हें भी जेल जाना होगा. पुलिस टीम के सदस्यों द्वारा लगातार आरोपी से पूछताछ जारी है. कई लोगों की जानकारी भी मिली है. आरोपी ने कई लोगो के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश शुरू हो चुकी है.
यह भी पढ़ें: योगी की सख्ती: भूमि आवंटन में गड़बड़ी के आरोप में PCS अधिकारी करन सिंह निलंबित

