रुपयों के लेनदेन में साधु पर किया पत्थर से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार में पुलिस ने साधु पर हमला कर घायल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 27, 2026 at 8:38 AM IST
हरिद्वार: श्यामपुर थाना क्षेत्र में लाखों रुपये की उधारी चुकाने को लेकर एक युवक ने साधु की कुटिया में घुसकर उस पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया और फरार हो गया. युवक के हमले में साधु गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका हायर सेंटर में इलाज चल रहा है. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि घायल साधु की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस के मुताबिक मुकेश पुरी, शिष्य दीपेन्द्र पुरी, निवासी नीलधारा पार्किंग, चण्ड़ीघाट हरिद्वार द्वारा श्यामपुर थाने में सूचना दी कि नीलधारा पार्किंग स्थित निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास उनके पड़ोसी साधु राधेश्याम पुरी की कुटिया में दीपक नाम के व्यक्ति ने घुसकर साधु पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी युवक ने पत्थरों से साधु का मुंह व सिर फोड़ दिया और मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंची गंभीर रूप से घायल साधु को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
इस मामले में तत्काल पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया. एसएसआई मनोज रावत के नेतृत्व में टीम गठित ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर दबिश देना शुरू किया. आरोपी की पहचान दीपक कुमार पुत्र सुरेश चन्द, निवासी ग्राम नगला कल्लू, थाना सादाबाद जिला हाथरस यूपी, हाल निवासी, बाबा की वाणी ट्रस्ट, गाजीवाली, श्यामपुर में रूप में हुई.
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र की सहायता से ग्राम गाजीवाली के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इतना ही नहीं आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद किया गया. श्यामपुर थाना प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि रुपयों के आपसी लेनदेन में आरोपी, पीड़ित साधु पर पत्थर से जानलेवा हमला कर फरार हो गया था. आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
पढ़ें-जिला पंचायत सदस्य से पति पर मारपीट का आरोप, घायल एम्स में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

