सरगुजा के मैनपाट में हादसा, केरल का युवक नदी में बहा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
मैनपाट घूमने आए केरल के युवक और युवती घुनघुट्टा नदी में बह गए. युवती को बचा लिया गया है. युवक लापता है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 29, 2026 at 10:47 PM IST
सरगुजा : छत्तीसगढ़ के सरगुजा में एक बड़ा हादसा हो गया. यहां के मैनपाट में केरल का एक छात्र नदी में बह गया. बताया जा रहा है कि एक युवक और युवती बाइक से आए थे. वे बाइक के जरिए रपटा को पार कर रहे थे. तभी दोनों फिसल गए और नदी में गिर गए. जिससे वह बहने लगे. इसी बीच स्थानीय युवक ने बहादुरी का परिचय देते हुए युवती को किसी तरह रस्सी फेंककर बचाया. इस घटना में युवक पानी में बह गया.
युवक और युवती केरल के निवासी
शुरुआती तफ्तीश में पता चला है कि युवक और युवती केरल के रहने वाले हैं. वो रायपुर में रहकर पढ़ाई करते हैं.केरल का रहने वाला युवक 25 वर्षीय यदु कृष्णनन और युवती 22 वर्षीय गौरी नंदन रायपुर में रहकर पढाई करते है. युवक-युवती शनिवार को घूमने के नाम पर मैनपाट आए हुए थे. इस दौरान दोनों बाइक से दलदली से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे. वर्तमान में मैनपाट में बारिश लगातार जारी है और नदी नाले उफान पर है. घुनघुट्टा नदी भी वर्तमान में उफान पर है और रपटा के ऊपर से पानी बह रहा है और लोग खतरे के बीच रपटे को पार कर रहे है.
रपटा पार करते वक्त हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रपटा को पार करते समय सामने से एक कार आ गई. जिसे साइड देने के चक्कर में युवक ने अपनी बाइक से नियंत्रण खो दिया. रपटा पर भी पानी के कारण फिसलन है और यही वजह है कि युवक-युवती की कार पानी में गिर गई। युवक युवती के गिरने के बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया.

स्थानीय युवक ने युवती को बचाया
इस दौरान लोगों की शोर सुनकर घर में काम कर रहा शम्शुद्दीन खान तत्काल रस्सी लेकर दौड़ा. युवक के अनुसार जब वह मौके पर पहुंचा तो युवक डूब चुका था जबकि युवती हाथ पैर मार रही थी. शमसुद्दीन ने रस्सी फेंका. लगातार चार से पांच बार रस्सी फेंकने के बाद युवती ने रस्सी को पकड़ा जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया. पुलिस को इसकी सूचना दी गई है.
युवक युवती घूमने आए थे. युवती को बरामद कर लिया गया है और युवक की तलाश जारी है. एसडीआरएफ की टीम मौके पर है लेकिन बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कत आ रही है-राजेश अग्रवाल, एसएसपी, सरगुजा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. घटना की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची हुई है लेकिन देर शाम होने और बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कत आ रही है. पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पाई है.

