ETV Bharat / state

जयपुर के ऑडी सड़क हादसे में एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार, नशे में ओवरस्पीड बनी हादसे की वजह

पत्रकार कॉलोनी ऑडी हादसे के मृतक की पहचान हो गई है.

तेज रफ्तार ऑडी ने मचाया कहर
तेज रफ्तार ऑडी ने मचाया कहर (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 10, 2026 at 9:27 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: शहर के मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण ऑडी सड़क हादसे से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आई है. पुलिस ने इस मामले में रेनवाल निवासी एक आरोपी पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कार चालक समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं. हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी और 15 से ज्यादा लोग घायल हुए थे, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में 5 घायल पहुंचे हैं. इनमें से एक के सिर और दूसरे के स्पाइन में चोट है.

एसएमएस अस्पताल में इलाज ले रहे घायलों में तीन मालपुरा, एक जालोर और एक मध्यप्रदेश का निवासी है. हादसे में घायल होकर जयपुरिया अस्पताल पहुंचे देशराज, छोटेलाल, राजेश और धर्मराज को प्राथमिक उपचार के बाद छुटटी दे दी गई, वहीं मृदुल के अलावा एक अन्य घायल थानागाजी निवासी देशराज का भी यहां इलाज चल रहा है.

डिवाइडर तोड़कर ठेलों से टकराई
डिवाइडर तोड़कर ठेलों से टकराई (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)

इसे भी पढ़ें: जयपुर में रफ्तार का कहर, बेकाबू ऑडी कार ने 15 से ज्यादा लोगों को रौंदा, हादसे में एक शख्स की मौत

SMS अस्पताल पहुंचे घायल :-

  • रॉबिन सिंह (26) : सिर में चोट
  • दीपक खारुल : गर्दन में फ्रैक्चर
  • राकेश (22) : पैर में फ्रैक्चर
  • दीवान गुर्जर (35) : रीड की हड्डी टूटी
  • पारस : सिर और कमर में चोट
  • मृदुल पंवार जयपुरिया : पैर में फ्रैक्चर, पसलियों में चोट

यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार रात खराबास सर्किल के पास हुआ, जब तेज रफ्तार ऑडी कार ने सड़क किनारे लगे करीब 10 ठेलों और वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, ऑडी कार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 100 फीट दूर जाकर एक पेड़ से टकराकर रुकी. हादसे के वक्त इलाके में लोग खाना खा रहे थे, जिससे अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

इस हादसे में ठेले पर काम करने वाले भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा की मौत हो गई. वहीं 15 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से चार गंभीर रूप से घायल लोगों को सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया है. अन्य घायलों को जयपुरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. हादसे में घायल सूप का ठेला लगाने वाले मृदुल पंवार ने बताया कि वह बर्तन साफ कर रहा था, तभी तेजी से एक कार आई, जिसकी टक्कर से वह उछल गया और रोड पर 10 फीट दूर जाकर गिरा.

तेज रफ्तार ऑडी ने मचाया कहर
तेज रफ्तार ऑडी ने मचाया कहर (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)

इसे भी पढ़ें: नागौर में कार और बस की आमने-सामने भिड़ंत, 3 की मौत, 4 घायल

चार लोग थे कार में सवार : गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह ने कहा कि फिलहाल घायलों का इलाज सरकार की प्राथमिकता है और इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी. पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे के समय ऑडी कार में चार युवक सवार थे, जो चूरू और रेनवाल के निवासी हैं. कार चालक चूरू निवासी दिनेश रणवां बताया जा रहा है, जो हादसे के बाद से फरार है. पुलिस को जानकारी मिली है कि कार में जयपुर पुलिस का एक सिपाही भी मौजूद था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी. हादसे में शामिल ऑडी कार दमन और दीव के श्री रामाकृष्ण चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम पर रजिस्टर्ड है. बताया जा रहा है कि इस कार को चूरू निवासी दिनेश रणवां ने करीब तीन महीने पहले ही खरीदा था. पुलिस ने घटनास्थल से कार सवार सभी लोगों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जो कार के अंदर ही मिले. प्रत्यक्षदर्शी भूपेंद्र जाट ने बताया कि कार में सवार लोग नशे में थे.

इसे भी पढ़ें: 560 गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के ब्रेक हुए फेल, चढ़ाई पर रिवर्स में आकर मकान से टकराया, बड़ा हादसा होने से टला

रफ्तार से नहीं मिला संभलने का मौका : प्रत्यक्षदर्शी भूपेंद्र जाट ने बताया कि उसने चार लोगों को टक्कर मारने वाली कार के नीचे से निकला, वहीं राजन सिंह के अनुसार, ऑडी कार वंदेमातरम सर्किल की ओर से बेहद तेज रफ्तार में आई और साइड से लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई. एयरबैग खुलने के कारण कार सवारों को ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन सड़क किनारे मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.