एक मिस्टेक और 2 ट्रकों के बीच फंस गई जिंदगी, जान बचाने के लिए शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
स्टेयरिंग के बीच फंसे ड्राइवर को निकालने की कोशिशें लगातार जारी हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 8, 2026 at 10:31 PM IST
कवर्धा: कबीरधाम में नेशनल हाईवे पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला. यहां रायपुर से जबलपुर को जोड़ने वाली नेशनल हाईवे नंबर 30 पर सड़क हादसे के बाद जाम लग गया. चिल्फी घाटी में हुए हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लंबी कतारें लग गई. हादसा इतना खतरनाक था कि एक ट्रक का अगला हिस्सा और दूसरे ट्रक का पिछला हिस्सा पूरी तरह से छतिग्रस्त हो गया. जिस गाड़ी का अगल हिस्सा छतिग्रस्त हुआ उस गाड़ी का ड्राइवर बुरी तरह से गाड़ी के स्टेयरिंग में फंस गया. पैर फंसने के चलते ड्राइवर गाड़ी से बाहर नहीं निकल पाया. गनीमत रही कि हादसे के बाद गाड़ी में किसी तरह का शार्ट सर्किट नहीं हुआ.
नेशनल हाईवे पर दो ट्रकों की टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिल्फी घाटी में ओवरटेक करने के दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही पीछे वाले ट्रक का केबिन बुरी तरह से छतिग्रस्त हो गया. गाड़ी में सवार चालक और क्लीनर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद चालक का पैर स्टेयरिंग में फंस गया, जिससे वह ट्रक के अंदर ही फंसा रह गया. हाईव से गुजर रहे दूसरे ट्रक ड्राइवरों ने गाड़ी में फंसे ड्राइवर को निकालने की कोशिश शुरू की. मौके पर मदद के लिए काफी लोग भी जुट गए.
ट्रक की स्टेयरिंग में फंसा ड्राइवर
हादसे के कारण नेशनल हाईवे 30 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. खासतौर पर घाटी क्षेत्र होने के कारण जाम की स्थिति और भी गंभीर हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करने के प्रयास शुरू किए. वहीं क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है.
ड्राइवर को निकालने की कोशिशें जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने वाहन चालकों से घाटी क्षेत्र में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और ओवरटेक से बचने की अपील की है. कवर्धा में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है. सर्दी की वजह से सुबह और रात के वक्त घना कोहरा भी रहता है. कई बार कोहरे की वजह से भी सड़क हादसे होते हैं.

