ETV Bharat / state

एसीबी: पंचायत समिति बीडीओ को 1 लाख की रिश्वत लेते दबोचा, 15 हजार की घूस लेते पकड़ा गया पटवारी

एसीबी ने रिश्वत के अलग–अलग मामलों में एक पटवारी और ब्लॉक विकास अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ा है.

ACB team taking action
कार्रवाई करती एसीबी की टीम (ETV Bharat Sawai Madhopur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 24, 2026 at 4:22 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सवाई माधोपुर/अलवर: एसीसी ने मंगलवार को अलग–अलग कार्रवाई में दो कार्मिकों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा. बानसूर तहसील में एक पटवारी को 15 हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने दबोचा. वहीं सवाई माधोपुर में पंचायत समिति के ब्लॉक विकास अधिकारी को 1 लाख रुपए की घूस के साथ गिरफ्तार किया गया.

सवाई माधोपुर में एसीबी की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आज दूसरे दिन भी ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया. जहां सोमवार को सवाई माधोपुर एसीबी ने जिले के गंगापुरसिटी में 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते बीसीएमएचओ बत्तीलाल मीणा को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था. वहीं मंगलवार को एसीबी ने पंचायत समिति के ब्लॉक विकास अधिकारी, अतिरिक्त प्रभार जिला परियोजना प्रबधंक जगदीश प्रसाद मीणा को 1 लाख रुपए रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया.

बीडीओ को 1 लाख की रिश्वत लेते दबोचा (ETV Bharat Sawai Madhopur)

पढ़ें: पंचायत में 'कमीशन राज' पर वार: रिश्वत प्रकरण में 23 दिन से फरार बीडीओ निलंबित

एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि एसीबी नगर-प्रथम, जयपुर ईकाई को एक शिकायत इस आशय कि मिली थी कि ब्लॉक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा द्वारा परिवादी और उसके दो साथियों को उनकी बीपीएम की नौकरी से कार्यमुक्त नहीं करने और पेंडिंग यात्रा भत्ता व अन्य बिलों को पास करने की ऐवज में तीनों से एक एक लाख रुपए रिश्वत राशि की मांग करके परिवादी को परेशान किया जा रहा है. और दोनों साथियों की रिश्वत राशि भी परिवादी को ही इकट्ठा करके लाकर देने के लिए दबाव बना रहा है.

पढ़ें: चूरू में गंगानगर एसीबी का एक्शन, जिला परिषद का कनिष्ठ सहायक 5 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने और सत्यापन सही पाये जाने पर आज मय टीम के ट्रैप की कार्रवाई की. ब्लॉक विकास अधिकारी पंचायत समिति एवं अतिरिक्त प्रभार जिला परियोजना प्रबंधक जगदीश प्रसाद मीणा को परिवादी से एक लाख रुपए रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. भूपेंद्र चौधरी का कहना है कि आरोपी के सवाई माधोपुर स्थित सरकारी आवास पर टोंक एसीबी एवं कोटा स्थित निजी आवास पर कोटा एसीबी द्वारा छापेमार कार्रवाई की जा रही है. उनका कहना है कि दोनों ही जगहों एसीबी अधिकारी सर्च में जुटी हुई है ओर दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं.

पढ़ें: एसीबी ने गंगापुरसिटी बीसीएमएचओ को 25 हजार रिश्वत लेते दबोचा

बानसूर में पकड़ा गया पटवारी: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी अलवर को शिकायत मिली कि परिवादी को उसके स्वयं के नाम व उसकी भाभी के नाम से ग्राम खोहरी, तहसील बानूसर में खरीदी साढ़े पांच बीघा जमीन का इंतकाल खोलने एवं राजस्व रिकॉर्ड में रहन का अंकन हटवाने के लिए पटवार हल्का खोहरी का पटवारी अतुल 15 हजार रुपए की मांग कर परेशान कर रहा है. यह जमीन परिवादी ने 22 जनवरी, 2026 को खरीदी थी और इसकी रजिस्ट्री भी इसी दिन तहसीलदार बानसूर कार्यालय में करवाई थी. उन्होंने बताया कि परिवादी की शिकायत का एसीबी ने 6 फरवरी, 2026 को सत्यापन कराया, जिसमें पटवारी अतुल की ओर से परिवादी से 15 हजार रुपए की मांग करना पाया गया.

एसीबी के आईजी ने बताया कि रिश्वत की मांग का सत्यापन होने पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम के उप अधीक्षक शब्बीर खान ने मंगलवार को ट्रैप की कार्रवाई कर आरोपी पटवारी पटवार हल्का खोहरी अतुल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. ट्रैप की यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरवीजन में हुई. एसीबी की ट्रैप की कार्रवाई के बाद आरोपी पटवारी अतुल से पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि एसीबी की ओर से पटवारी अतुल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.