जनपद पंचायत पलारी का SDO रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB ने बिछाया जाल
बलौदाबाजार में एंटी करप्शन ब्यूरो ने कार्रवाई की है. जनपद पंचायत पलारी में पदस्थ एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार लेते गिरफ्तार किया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 19, 2026 at 4:29 PM IST
बलौदाबाजार: जिले के पलारी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. Anti Corruption Bureau (एसीबी) ने जनपद पंचायत पलारी में पदस्थ एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई गुरुवार को की गई.
एक लाख रुपये मांगे थे
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति का राजस्व से जुड़ा काम एसडीओ कार्यालय में काफी समय से लंबित था. आरोप है कि एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा ने उस काम को पूरा करने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. आवेदक ने इतनी ज्यादा रकम नहीं दे पाने की बात कही. लेकिन अधिकारी कथित तौर पर अपनी मांग पर अड़े रहे.
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
परेशान आवेदक ने इसकी शिकायत एसीबी से कर दी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया. तय योजना के अनुसार, आवेदक गुरुवार को 25 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर एसडीओ के पास पहुंचा. जैसे ही आरोपी अधिकारी ने पैसे लिए, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
कार्यालय में तलाशी, पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद एसीबी अधिकारियों ने एसडीओ के कार्यालय की तलाशी शुरू कर दी है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा.
विभाग में हड़कंप, जनता में संतोष
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है. वहीं आम जनता में इस कदम को लेकर संतोष देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और अधिकारियों में जवाबदेही बढ़ेगी. फिलहाल एसीबी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.

