सुहाना सफर: मेरठ से राजस्थान और उत्तराखंड के लिए अब दौड़ेंगी एसी बसें
गर्मी में यूपी परिवहन निगम मुसाफिरों को बड़ी राहत देने जा रहा है. इन बसों में काफी फैसिलिटी भी दी गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 12:57 PM IST
मेरठ: गर्मी अब लगभग दस्तक देने को तैयार है. ऐसे में परिवहन निगम ने भी मेरठ से राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर, सहित मेहंदीपुर बालाजी और अजमेर के लिए एसी बसों के संचालन की योजना बना ली है. इसके साथ ही उत्तराखंड की राजधानी तक एसी बसें चलाने का प्लान है. अब तक यहां सामान्य रोडवेज बसों का ही संचालन होता था. UPSRTC के मेरठ क्षेत्र के सेवा प्रबंधक लोकेश राजपूत ने बताया कि अब परिवहन निगम के मेरठ डिपो को नई AC बसों की सौगात मिल गई है.
इन बसों को लॉन्ग रूट के यात्रियों की सुविधा के लिए लगाने की योजना बनाई है. राजस्थान के अलग-अलग लोकेशन पर मेरठ से अब पहुंचना सहूलियत भरा हो जाएगा. उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मेरठ क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप नायक ने बताया कि मेरठ क्षेत्र के लिए 12 एसी बस शासन स्तर से स्वीकृत हुई हैं. बीते दिन 5 AC बस पहुंच भी गई हैं. बाकी बसें भी अतिशीघ्र मिलने वाली हैं.

इन बसों की साज-सज्जा का कार्य चल रहा है. इन AC बसों को विशेष रूप से मेरठ डिपो से उत्तराखंड के देहरादून रूट पर लगाया जाएगा. इसके अलावा राजस्थान के प्रमुख धार्मिक शहरों तक यात्रियों का पहुंचना आसान हो इस दिशा में भी पूरी प्लानिंग तैयार की गई है. संदीप नायक ने बताया कि इन बसों में कैमरे भी लगे हैं. आरामदायक चेयर है, यात्रियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है.

उन्होंनो बताया कि पहले साधारण बसों के संचालन के लिए, राज्य समझौते के आधार पर परमिट प्राप्त हुए थे. साधारण रोडवेज बसों के माध्यम से ही यात्रा की जा सकती थी. ऐसा होने से अब यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. ऐसे में आवश्यक प्रक्रिया भी शीघ्र ही पूरी कर ली जाएगी.
वर्तमान समय की बात करें, तो लखनऊ, बरेली, दिल्ली और देहरादून के लिए 8 एसी बसों का ही संचालन हो रहा है. अब जयपुर, अजमेर और मेहंदीपुर बालाजी तक एसी रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा. जल्द ही समय सारणी का भी निर्धारण कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें - इन 13 क्रिमिनल्स को क्यों तलाश रही मेरठ पुलिस, फिल्मी स्टाइल में ताबड़तोड़ तलाश

