ETV Bharat / state

साउथ एशियन यूनिवर्सिटी में छात्रा से यौन उत्पीड़न के विरोध में एबीवीपी और डूसू ने किया विरोध प्रदर्शन

एबीवीपी की राष्ट्रीय मंत्री ने कहा शिक्षा के मंदिर में ऐसी घृणित घटना शर्मनाक है. हमने छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की है.

एबीवीपी-नीत डूसू का विरोध, विश्वविद्यालय अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
एबीवीपी-नीत डूसू का विरोध, विश्वविद्यालय अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : October 15, 2025 at 8:40 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: साउथ एशियन यूनिवर्सिटी में बी.टेक प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ हुए यौन उत्पीड़न के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) ने बुधवार को विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध जताया. एबीवीपी-नीत डूसू के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. के.के. अग्रवाल से मुलाकात कर दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा.

एबीवीपी और डूसू ने साफ कहा है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो संगठन सड़क से लेकर न्यायालय तक आंदोलन करेगा. दोनों छात्र संगठनों ने प्रशासन से यह भी अपेक्षा जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय किए जाएं. एबीवीपी ने इस घटना को लेकर पहले भी विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया था.

एबीवीपी-नीत डूसू का विरोध
एबीवीपी-नीत डूसू का विरोध (ETV Bharat)

यह घटना पूरे शिक्षा जगत के लिए कलंक: संगठन का कहना है कि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को पारदर्शी और निष्पक्ष जांच करनी चाहिए. ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने चार प्रमुख मांगें त्वरित जांच के लिए निष्पक्ष समिति का गठन, आंतरिक शिकायत समिति का पुनर्गठन, परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सुरक्षा वैन की तैनाती रखीं.

घटना पूरे शैक्षणिक जगत की मर्यादा पर प्रहार: एबीवीपी की राष्ट्रीय मंत्री शिवांगी खारवाल ने कहा शिक्षा के मंदिर में ऐसी घृणित घटना शर्मनाक है. हमने विश्वविद्यालय अध्यक्ष से मिलकर छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की है. दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए ताकि छात्राओं में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके. एबीवीपी दिल्ली के प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि यह घटना केवल एक छात्रा के सम्मान पर नहीं, बल्कि पूरे शैक्षणिक जगत की मर्यादा पर प्रहार है. उन्होंने कहा एबीवीपी दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग करती है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी.

वहीं, डूसू अध्यक्ष आर्यन मान ने कहा कि यह घटना पूरे शिक्षा जगत के लिए कलंक है. उन्होंने कहा छात्राओं की गरिमा और सुरक्षा पर किसी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए. जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, डूसू और एबीवीपी अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे.

इसे भी पढ़ेंः