ETV Bharat / state

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग के लिए 77 खिलाड़ियों की नीलामी पूरी, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हो रहे शामिल

नारायणपुर में बैडमिंटन का बढ़ेगा रोमांच. लीग के मुख्य मुकाबले 10 से 12 सितंबर तक नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम में खेले जाएंगे.

Abujhmad Badminton League
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : September 3, 2026 at 12:55 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

नारायणपुर: दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र को खेल गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में नारायणपुर पुलिस की पहल लगातार आगे बढ़ रही है. इसी कड़ी में आयोजित होने वाली अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (एबीएल) सीजन-3 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. कुल 110 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 77 खिलाड़ियों का चयन करते हुए उन्हें कुल 6 फ्रेंचाइजी टीमों में शामिल किया गया है. लीग के मुख्य मुकाबले 10 से 12 सितंबर तक नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम में खेले जाएंगे. प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें स्थानीय खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे.

नारायणपुर पुलिस की पहल

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 के प्रथम चरण के तहत 1 सितंबर को नारायणपुर के डीआरजी ट्रेनिंग एरेना में खिलाड़ियों की ऑक्शन प्रक्रिया आयोजित की गई. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर भी मौजूद रहे. ऑक्शन के दौरान छह फ्रेंचाइजी टीमों ने खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए बोली लगाई. खिलाड़ियों की उपलब्धियों, अनुभव और खेल प्रदर्शन के आधार पर टीमों का गठन किया गया. अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग के तीसरे सीजन में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों के नाम पर टीमों का गठन किया गया है.

Abujhmad Badminton League
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी (ETV Bharat Chhattisgarh)

लीग की टीमें और फ्रेंचाइजी मालिक

  • गारपा जायंट्स – लय जैन
  • हांडावाड़ा रैकेटियर्स – पवन सुराना एवं सतीश अग्रवाल
  • तुलार टाइटन्स – संजय नंदी
  • कच्चापाल ब्लास्टर्स – डॉ. अभिषेक बनर्जी
  • कुतुल नाइट राइडर्स – अभिजीत शील एवं डॉ. नवीन कोठारे
  • जनता डिफेंडर्स – अभिजीत साहा एवं संदीप नाथ

ऑक्शन के बाद सभी छह टीमों का प्रारंभिक स्वरूप तैयार हो गया है और अब फ्रेंचाइजी मालिकों की नजरें मुख्य मुकाबलों पर टिकी हैं. एबीएल सीजन-3 के लिए कुल 110 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था. ऑक्शन के बाद इनमें से 77 खिलाड़ियों का चयन किया गया. चयनित खिलाड़ियों में स्थानीय और राज्य स्तर के खिलाड़ियों के अलावा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके खिलाड़ी भी शामिल हैं. कुछ खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक भी हासिल किए हैं.

Abujhmad Badminton League
110 खिलाड़ियों में से 77 खिलाड़ियों का चयन (ETV Bharat Chhattisgarh)

आयुष माखीजा सबसे महंगे खिलाड़ी

आयोजन समिति का मानना है कि उच्च स्तर के खिलाड़ियों की भागीदारी से स्थानीय खिलाड़ियों को उनके अनुभव और तकनीक से सीखने का अवसर मिलेगा. खिलाड़ियों की नीलामी में रायपुर के अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष माखीजा सबसे महंगे खिलाड़ी रहे. उनके अलावा एम.वी. अभिषेक, जसमीत सिंह, सुजय तांबोली और वेंकट गौरव भी ऑक्शन में सर्वाधिक बोली हासिल करने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे.

Abujhmad Badminton League
10 से 12 सितंबर तक अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (ETV Bharat Chhattisgarh)

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3

राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण इस बार की लीग को पिछले सीजन की तुलना में अधिक प्रतिस्पर्धात्मक माना जा रहा है, अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 की एक प्रमुख विशेषता मिश्रित युगल मुकाबले होंगे. इसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक टीम के रूप में कोर्ट पर उतरेंगे. आयोजकों के अनुसार मिश्रित युगल वर्ग के माध्यम से महिला खिलाड़ियों को भी बड़े खेल मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इससे क्षेत्र की युवा महिला खिलाड़ियों को बैडमिंटन के प्रति प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है. नारायणपुर जैसे आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्र में महिला खिलाड़ियों की खेल गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाना भी इस आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है.

Abujhmad Badminton League
77 खिलाड़ियों की नीलामी पूरी (ETV Bharat Chhattisgarh)

ऑक्शन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब लीग के मुख्य मुकाबलों की तैयारियां शुरू हो गई हैं. अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का आयोजन 10, 11 और 12 सितंबर को रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर में किया जाएगा. तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में छह टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी. प्रतियोगिता में स्थानीय दर्शकों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का खेल देखने का अवसर भी मिलेगा.

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए पुरस्कार राशि भी निर्धारित की गई है.

  • प्रथम पुरस्कार – 1 लाख 21 हजार रुपये
  • द्वितीय पुरस्कार – 85 हजार रुपये
  • तृतीय पुरस्कार – 59 हजार रुपये

आयोजकों के अनुसार पुरस्कार राशि के साथ खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक खेल वातावरण उपलब्ध कराना भी प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य है. नारायणपुर पुलिस द्वारा पिछले कुछ वर्षों से खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है. अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग भी इसी पहल का हिस्सा है. पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं में खेल संस्कृति विकसित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और उन्हें बड़े खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा का अवसर देना है. दुर्गम और लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे अबूझमाड़ क्षेत्र में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर सकती हैं.

Abujhmad Badminton League
नारायणपुर में बैडमिंटन का रोमांच (ETV Bharat Chhattisgarh)

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 में खिलाड़ियों की नीलामी पूरी होने के साथ ही प्रतियोगिता का पहला चरण संपन्न हो गया है. अब सभी की निगाहें 10 सितंबर से शुरू होने वाले मुख्य मुकाबलों पर हैं. छह फ्रेंचाइजी टीमों, 77 खिलाड़ियों और राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से इस बार की लीग को खास माना जा रहा है. स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े मंच से जोड़ने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रतियोगिता नारायणपुर के खेल परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित हो सकती है.

पढ़ाई के लिए जोखिम में जान, अधूरे पुल पर सीढ़ी से चढ़ पैरी नदी पार कर रहे बच्चे, 3 साल से निर्माणाधीन
POR एप वन अमले को देगा मजबूती, रिपोर्ट, एक्शन और प्रोग्रेस रिपोर्ट पर होगी ऑनलाइन मॉनिटरिंग
जांजगीर में अमित बघेल, आगामी चुनाव में छत्तीसगढ़िया सरकार बनाने का दावा