ETV Bharat / state

'पैसा नहीं था, पर विश्वास था', पिता घूम-घूमकर ठीक करते हैं RO मशीन, अभिनव ने JEE Main में हासिल किया 99.40 पर्सेंटाइल

दरभंगा के अभिनव अजय ने आर्थिक तंगी के बावजूद JEE Main 2026 में 99.40 पर्सेंटाइल हासिल किया. पिता करते हैं आरओ पानी मशीनों की मरम्मत.

JEE Main 2026 result
अभिनव अजय (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 19, 2026 at 4:12 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है. बहेड़ी प्रखंड के सोनमा गांव के निवासी अजय कुमार के पुत्र अभिनव अजय ने आर्थिक तंगी के बावजूद अपनी लगन और मेहनत से जेई मेन्स 2026, सेशन 1 में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 99.40 पर्सेंटाइल हासिल कर पहली ही कोशिश में यह परीक्षा पास की है. यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे गांव और इलाके के लिए गर्व का विषय बनी हुई है.

आर्थिक चुनौतियों के बीच सपनों की उड़ान: अभिनव के पिता अजय कुमार का पेशा आरओ पानी की मशीनों की मरम्मत करना है, जिसमें वे घूम-घूमकर काम करते हैं. परिवार की कम आय के कारण उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता एक बड़ी बाधा थी. इसके बावजूद अभिनव ने पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखा और कभी हार नहीं मानी. उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प से कोई भी मुश्किल पार की जा सकती है. गांव वाले इस उपलब्धि पर बेहद खुश हैं और अभिनव को बधाई दे रहे हैं.

अभिनव अजय की कहानी (ETV Bharat)

स्टडी सेंटर की महत्वपूर्ण भूमिका: अभिनव की सफलता में दरभंगा के स्टडी सेंटर का बड़ा हाथ रहा है. आर्थिक हालात खराब होने के बावजूद केंद्र के शिक्षक सुमित चौबे और उनकी टीम ने पैसे को बाधा नहीं बनने दिया. उन्होंने न केवल पढ़ाई में मदद की, बल्कि परीक्षा फॉर्म भरने में भी सहयोग किया. अभिनव ने बताया कि टेस्ट के माध्यम से वे इस केंद्र से जुड़े और यहां की मार्गदर्शन ने उन्हें आगे बढ़ने में मदद की.

अभिनव का लक्ष्य: अभिनव अजय ने कहा कि यह सफलता केवल पहला पड़ाव है. उनका मुख्य लक्ष्य आईआईटी में दाखिला लेना और एक सफल इंजीनियर बनना है. उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का पूरा श्रेय अपने माता-पिता को दिया, साथ ही सुमित सर और स्टडी सेंटर की पूरी टीम को. उन्होंने कहा कि बिना उनकी मदद के यह संभव नहीं होता.

"यह पहला पड़ाव है, मेरा लक्ष्य आईआईटी कॉलेज में दाखिला लेने का है और एक सफल आईआईटी इंजीनियर बनना हैं. मेरी सफलता का पूरा श्रेय मेरे माता-पिता के साथ सुमित सर के स्टडी सेंटर टीम को जाता हैं, जिन्होंने मेरे पास पैसा नहीं होने के बावजूद पढ़ाई के साथ-साथ फोर्म भरने में मेरी मदद की है." -अभिनव अजय, अभ्यर्थी, जेईई मेंस 2026

पिता की खुशी और उम्मीदें: अजय कुमार ने भावुक होकर बताया कि उन्हें आज बहुत खुशी हो रही है. उनका बेटा शुरू से ही पढ़ाई में लगनशील रहा है. वे चाहते हैं कि भविष्य में अभिनव ऐसे ही तरक्की करता रहे. पिता ने बेटे के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है.

"आज बहुत खुशी हो रही है. मेरा लड़का शुरू से ही पढ़ाई में लगनशील था. भविष्य में वो ऐसे ही तरक्की करें, इसके लिए शुभकामना देता हूं."-अजय कुमार, अभिनव के पिता

क्या कहते हैं अभिनव के शिक्षक: सुमित चौबे ने अभिनव की तारीफ करते हुए कहा कि वह पढ़ाई में बहुत होनहार हैं. एक सामान्य परिवार में असामान्य मानसिकता वाला बच्चा है अभिनव. केंद्र ने आर्थिक स्थिति देखते हुए फीस आदि में सहूलियत दी और पूरी तरह से उनका साथ दिया. इस सफलता पर शिक्षक टीम को भी गर्व महसूस हो रहा है.

"पढ़ाई में बहुत ही होनहार हैं, एक सामान्य घर में असामान्य मानसिकता का बच्चा है. बच्चा स्टडी सेंटर में टेस्ट के माध्यम से आया था. आर्थिक हालात अच्छे नहीं थे लेकिन हम लोगों ने पैसे को बाधा नहीं बनने दिया और इस सफलता पर हम लोगों को गर्व है."-सुमित चौबे, शिक्षक

JEE Main 2026 और आगे का रास्ता: जेई मेन्स 2026 सेशन 1 का रिजल्ट हाल ही में जारी हुआ है, जिसमें अभिनव जैसे हजारों छात्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया. यह परीक्षा इंजीनियरिंग के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईआईटी और एनआईटी में दाखिले के लिए महत्वपूर्ण है. मेंस क्वालीफाई करने वाले छात्र अब JEE Advanced में बैठेंगे, जहां सफलता के बाद ही आईआईटी में प्रवेश मिलता है. अभिनव अब इसी लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं.

प्रेरणा का स्रोत बनी कहानी: अभिनव अजय की यह सफलता उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है जो आर्थिक या सामाजिक बाधाओं से जूझ रहे हैं. यह दिखाता है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और परिवार-शिक्षकों का सहयोग किसी भी सपने को साकार कर सकता है. बिहार के इस छोटे से गांव से निकली यह कहानी पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी हुई है.

ये भी पढ़ें-

बिहार के अंकुर ने UPSC पास कर किया कमाल, भारत सरकार के NSI में देंगे सेवा

10वीं तक नहीं ली कोई ट्यूशन..अब JEE Mains 2026 में टॉपर बने शुभम, जानें सफलता के राज