ETV Bharat / state

"जेब फाड़ी-कोहनी मारी में निकल गया पूरा सत्र" विधानसभा की कार्यवाही पर अभय चौटाला का तंज

अभय चौटाला ने विधानसभा सत्र, सफाईकर्मियों, HKRN, नशे, भर्तियों और SYL मुद्दे पर हरियाणा सरकार और कांग्रेस को घेरा.

Abhay Chautala Targets Haryana Government
अभय चौटाला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : September 3, 2026 at 11:15 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, "तीन दिन के सत्र में जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन पूरा सत्र हंगामे और आपसी विवाद में निकल गया." अभय चौटाला ने इसे "जेब फाड़ और कोहनी मार सत्र" करार दिया.

जनता के मुद्दों पर चर्चा नहीं: दरअसल, चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान अभय चौटाला ने कहा कि, "लोग सोच रहे थे कि सरकार ने हाल-फिलहाल में जो फैसले लिए हैं, उन पर चर्चा होगी. लोगों के मुद्दे सदन में रखे जाएंगे और विपक्ष सरकार से सवाल पूछेगा. मैंने भी सत्र देखा, लेकिन यह जेब फाड़ और कोहनी मार सत्र था. सारा सत्र इसी में निकल गया. तीन दिन के इस सत्र में पहली बार ऐसा देखने को मिला कि न जीरो आवर हुआ और न प्रश्नकाल. विधायकों को अपनी बात रखने के लिए केवल दो-दो मिनट का समय दिया गया. इस तरह प्रदेश के गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा संभव नहीं है."

अभय चौटाला का विधानसभा सत्र पर तंज (ETV Bharat)

सफाईकर्मियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा: अभय चौटाला ने सफाईकर्मियों की हड़ताल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि, "प्रदेश में सफाई कर्मचारी कई दिनों से हड़ताल पर हैं. वे दूसरे कर्मचारियों की तरह सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर कार्रवाई की जा रही है. हिसार में पुलिसकर्मी एक महिला सफाईकर्मी को लात मार रहा है. अगर विपक्ष मजबूत होता तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं." इनेलो नेता ने दावा किया कि उनकी पार्टी की ओर से 12 से अधिक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए गए थे, लेकिन इनमें से केवल एक को स्वीकार किया गया. उन्होंने कहा कि, "जिस प्रस्ताव पर चर्चा हुई, उसमें भी मुख्यमंत्री कांग्रेस के पुराने शासन की बातें बताते रहे. सरकार ने अपनी उपलब्धियों और मौजूदा समस्याओं पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया."

स्कूल और नशे के मुद्दे पर जवाब नहीं मिला: अभय चौटाला ने कहा कि, " मैंने सरकारी स्कूलों की खराब स्थिति और प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर भी सवाल उठाए, लेकिन मुझे संतोषजनक जवाब नहीं मिला. नशे की वजह से प्रदेश में हालात खराब हैं, लेकिन सरकार इस पर गंभीर चर्चा नहीं करना चाहती. मैं विधानसभा का सत्र बुलाए जाने के उद्देश्य को लेकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पत्र लिखूंगा. यदि सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा ही नहीं होनी थी तो सत्र बुलाने का औचित्य क्या था. हम अपने दोनों विधायकों के साथ विधानसभा अध्यक्ष से भी मुलाकात करेंगे."

HKRN पर सरकार को घेरा: अभय चौटाला ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के आंकड़ों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, "मुख्यमंत्री कहते हैं कि हमने एक लाख लोगों को लगाया है, जबकि आरटीआई में मिली जानकारी के अनुसार 17 हजार लोगों को लगाया गया है. सरकार झूठ बोल रही है या आरटीआई के जरिए जानकारी देने वाला अधिकारी गलत बता रहा है? चौधरी देवीलाल के जन्मदिन के अवसर पर 27 सितंबर को मेवात में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी. 25 सितंबर को जुमे की नमाज होने के कारण कार्यक्रम 27 सितंबर को रखा गया है. रैली के लिए 75 एकड़ का मैदान तय किया गया है, जहां करीब 200×900 फीट का बड़ा टेंट लगाया जाएगा."

BJP-कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप: चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि, "कांग्रेस और भाजपा आपस में मिले हुए हैं. इन्होंने कोई मुद्दा नहीं उठाया, सिर्फ आपस में बहस करते रहे. हर विधायक को पर्याप्त समय मिलना चाहिए, ताकि वह अलग-अलग जनसमस्याओं को सदन में उठा सके."उन्होंने सरकार पर पक्की नौकरियां नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि, "जिन लोगों को नियुक्त किया गया, उनमें भी प्रदेश के युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहा. 10 पंजाबी टीचर लगाए गए, जिनमें 9 बाहर के हैं और केवल एक हरियाणा से है."

दलित और सफाईकर्मियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा: अभय चौटाला ने कहा कि, "सरकार में दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं. अगर सफाईकर्मी मैला उठाना बंद कर दें तो लोगों को घर से बाहर निकलना बंद हो जाएगा. कांग्रेस के नेता सफाईकर्मियों के प्रदर्शन में क्यों नहीं पहुंचे. इनेलो सफाईकर्मियों के साथ खड़ी है और उनसे मुलाकात करेगी."

"सदन में सख्त चीज नहीं ले जा सकते": विधानसभा में जेब फाड़ने और कोहनी मारने के आरोपों पर चौटाला ने कहा कि, "सदन में नियमों के मुताबिक कोई भी सख्त चीज लेकर जाना प्रतिबंधित है. भूपेंद्र हुड्डा कह रहे थे कि मेरी जेब फाड़ दी और मंत्री कह रहे थे कि आपने कोहनी मारी. आप ऐसा काम क्यों करते हो कि लोग आपकी जेब फाड़ दें. आप कागज पर लिखकर ले जा सकते हो और सदन में दिखा सकते हो.ठ

पंजाब के पानी और SYL पर भी निशाना: पंजाब सरकार की चिट्ठी के मुद्दे पर अभय चौटाला ने कहा कि, "बाढ़ के दौरान पंजाब से आने वाले पानी से हरियाणा प्रभावित होता है तो उसकी भरपाई कौन करेग? प्राकृतिक पानी को पूरी तरह रोका नहीं जा सकता. यह सरकार कमजोर है, जो SYL का पानी नहीं ले पाई. हमारी सरकार आएगी तो हम हर हाल में SYL का पानी लेकर आएंगे."

ये भी पढ़ें:'सफाई कर्मचारियों को लेकर सदन में बोला गया झूठ' भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नायब सैनी सरकार पर लगाया आरोप