ETV Bharat / state

अभय चौटाला की हुड्डा को खुली चुनौती, बोले-"एक बार आण तो दे नोटिस, फेर देखूंगा हुड्डा न"

अभय चौटाला ने महंगाई, किसानों और कानून-व्यवस्था पर भाजपा को घेरा. साथ ही हुड्डा के नोटिस वाले बयान पर खुली चुनौती दी.

panipat Abhay Singh Chautala
पानीपत में गरजे अभय चौटाला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 21, 2026 at 9:40 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पानीपत: इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने बढ़ती महंगाई, चीनी के बढ़े दाम, किसानों की समस्याओं, नशे और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. पानीपत में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, "प्रदेश में आम आदमी महंगाई से परेशान है, लेकिन भाजपा सरकार को इसकी चिंता नहीं है. भ्रष्टाचार भी बढ़ रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है."

"बीजेपी वालों को कोई फिक्र नहीं": चीनी के बढ़ते दामों पर तंज कसते हुए अभय चौटाला ने कहा कि, "बीजेपी वालों को तो कोई फिक्र नहीं है. उनको तो तेरे-मेरे जैसे बहुत हैं चीनी की बोरी घेरने वाले, क्योंकि वो सारा दिन लूटने में लगे हुए हैं. तकलीफ तो तेरे और मेरे जैसे आम आदमी को है. महंगाई का सीधा असर आम परिवारों के बजट पर पड़ रहा है, जबकि सरकार जनता की परेशानियों को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही."

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा: किसानों की समस्याओं को लेकर भी अभय चौटाला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, "किसानों से फीस लेने के बाद नहर बंद कर दी जाती है और उनके कच्चे मोगे फाड़ दिए जाते हैं. यह सरकार की किसान विरोधी सोच को दर्शाता है. धान का सीजन आने वाला है और मंडियों में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को परेशान किए जाने की आशंका है."

हुड्डा को दी खुली चुनौती, बोले-"एक बार आण तो दे नोटिस, फेर देखूंगा हुड्डा न" (ETV Bharat)

"किसानों को परेशान किया तो इनेलो खड़ी होगी": अभय चौटाला ने आगे कहा कि, "इनेलो हमेशा चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलते हुए गरीब, कमजोर और परेशान लोगों की आवाज उठाती रही है. यदि धान की फसल लेकर मंडी पहुंचने वाले किसानों को अपमानित या परेशान करने का प्रयास किया गया तो इनेलो सरकार को कटघरे में खड़ा करेगी. "

27 अगस्त की रैली पर बड़ा दावा: चौधरी देवीलाल की जयंती पर होने वाली 27 अगस्त की रैली को लेकर अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का दावा किया. उन्होंने कहा कि, "इस बार रैली अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी. अभय के मुताबिक, 75 एकड़ में तैयार किया गया रैली स्थल भी छोटा पड़ सकता है. मेरी कार्यकर्ताओं से अपील है कि चौधरी देवीलाल की नीतियों में विश्वास रखने वाले अधिक से अधिक लोग रैली में शामिल हों."

हुड्डा के नोटिस वाले बयान पर चुनौती: इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नोटिस वाले बयान पर अभय चौटाला ने चुनौती भरे अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि, "एक बार आण तो दे नोटिस, फेर देखूंगा हुड्डा न." उनके इस बयान से हरियाणा की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. अभय ने अपने तेवरों से साफ कर दिया कि इनेलो भाजपा सरकार के साथ-साथ विपक्षी नेताओं पर भी खुलकर राजनीतिक हमला जारी रखेगी.

ये भी पढ़ें:चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक, मानसून सत्र की बनाई गई रणनीति, सरकार को घेरने की फुल तैयारी