चरखी दादरी में गरजे अभय चौटाला, बोले-"भाजपा राज में बढ़े अपराध और भ्रष्टाचार, आने वाले चुनाव में बाहर होगी भाजपा"
अभय चौटाला ने भाजपा पर अपराध, नशा, भ्रष्टाचार और महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया. साथ ही अगले चुनाव में बीजेपी की हार का दावा किया.

Published : August 31, 2026 at 12:44 PM IST
चरखी दादरी: चरखी दादरी और बाढड़ा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलनों में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने सरकार की नीतियों, महंगाई और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन को 25 सितंबर को नूंह में होने वाले राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में शामिल होने का न्योता भी दिया.
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप: अभय चौटाला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, "भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की स्थिति लगातार खराब हुई है. जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से न केवल महंगाई बेतहाशा बढ़ी है, बल्कि भ्रष्टाचार, नशा और अपराध भी चरम पर पहुंच चुके हैं." इनेलो सुप्रीमो ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि, "आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है. जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय सरकार की प्राथमिकता कुछ और हो गई है."
जनता को लूटने का लगाया आरोप: अभय चौटाला ने भाजपा सरकार पर जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि, "महंगाई और अन्य समस्याओं से आम नागरिक परेशान है. सरकार जनहित के मुद्दों को छोड़कर केवल और केवल जनता को लूटने के काम में लगी हुई है. प्रदेश में हालात चिंताजनक हैं और लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है."
चुनाव में भाजपा की हार का दावा: आगामी चुनावों को लेकर अभय चौटाला ने दावा करते हुए कहा कि, "जनता आने वाले समय में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी. केंद्र में लोकसभा से लेकर हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार तय है. जनता के सहयोग से प्रदेश में राजनीतिक बदलाव आएगा."
25 सितंबर के सम्मान समारोह का न्योता: वहीं, कार्यकर्ता सम्मेलनों के दौरान अभय चौटाला ने 25 सितंबर को नूंह में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने की अपील की. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया.
ये भी पढ़ें: दुष्यंत चौटाला का CM सैनी पर तीखा हमला, बोले-"जनता महंगाई से त्रस्त, मुख्यमंत्री पंजाब में मस्त"

