पानी की किल्लत पर AAP का हल्ला बोल, मटका लेकर विधायक कुलदीप जल बोर्ड ऑफिस पहुंचे, पुलिस ने रोका
AAP कार्यकर्ताओं ने रेखा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, उन्होंने कहा कि लोगों को पानी नहीं मिल रहा. सरकार का वादा झूठा निकला.

Published : May 29, 2026 at 1:20 PM IST
|Updated : May 29, 2026 at 1:44 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली में पानी की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मयूर विहार स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में AAP विधायक कुलदीप कुमार भी शामिल हुए, इस दौरान जल बोर्ड कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग देखने को मिली.
प्रदर्शन के दौरान विधायक कुलदीप कुमार और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. AAP कार्यकर्ता खाली मटका लेकर जल बोर्ड कार्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
विधायक कुलदीप कुमार ने BJP सरकार पर हमला बोला और कहा कि दिल्ली की जनता पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान लोगों से 'डबल पानी' देने का वादा किया था, लेकिन अब हालात पहले से भी बदतर हो चुके हैं.

कुलदीप कुमार ने कहा, “दिल्ली में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन मुख्यमंत्री और मंत्री कहीं भी दौरा करने नहीं पहुंचे. सरकार केवल दावे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर लोग परेशान हैं.”

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की करीब 40 प्रतिशत आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है. विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि मजबूर होकर उन्हें अपने समर्थकों और क्षेत्र के लोगों के साथ जल बोर्ड कार्यालय पहुंचना पड़ा.प्रदर्शन के दौरान विधायक ने पुलिस बैरिकेडिंग पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पहली बार किसी विधायक को अधिकारियों से मिलने के लिए पुलिस की बैरिकेडिंग का सामना करना पड़ रहा है.फिलहाल पानी की किल्लत को लेकर दिल्ली में सियासत तेज हो गई है. एक तरफ विपक्ष सरकार को घेर रहा है, तो दूसरी तरफ आम लोग भी पानी की समस्या से परेशान दिखाई दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें- नोएडा में 45 डिग्री की भीषण गर्मी, और पानी के एटीएम पर लटका ताला, बूंद-बूंद को तरसी जनता
ये भी पढे़ं- दक्षिणपुरी में पानी का हाहाकार, लोग छुट्टियां लेकर भर रहे पानी, जल्द समाधान की मांग

