कानपुर में AAP सांसद संजय सिंह बोले- जो ED और CBI से डरेगा वह BJP में जाएगा
संजय सिंह ने कहा कि देश के हालातों को देखते हुए इस तरह के संवाद की आज सबसे अधिक आवश्यकता है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 3, 2026 at 7:20 AM IST
कानपुर: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह कानपुर पहुंचे. उन्होंने देश के वर्तमान राजनैतिक हालातों और पार्टी की एकजुटता को लेकर हुंकार भरी. मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित विचार गोष्ठी में शिरकत करने आए संजय सिंह ने कहा कि जो ED और CBI से डरेगा वही BJP ज्वाइन करेगा.
सांसद संजय सिंह ने कार्यक्रम को सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि आज के दौर में ज्वलंत मुद्दों पर विभिन्न विचारधाराओं के लोगों का एक मंच पर आना और चर्चा करना लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है. कार्यक्रम में ज्यादातर राजनैतिक पार्टियों के लोग और बुद्धिजीवी शामिल हो रहे हैं.
संजय सिंह ने विपक्ष की एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि इस विचार गोष्ठी में समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत कई अन्य दलों के नेता भी चर्चा का हिस्सा बने. यह अच्छी कोशिश है कि सभी दल और बुद्धिजीवी एक साथ बैठकर वर्तमान चुनौतियों और जनहित के मुद्दों पर संवाद शुरू कर रहे हैं.
संजय सिंह ने कहा कि देश के हालातों को देखते हुए इस तरह के संवाद की आज सबसे अधिक आवश्यकता है. पार्टी में टूट और नेताओं के पाला बदलने के सवाल पर संजय सिंह ने बेबाक अंदाज में कहा कि जो लोग ED या CBI से डरेंगे, वहीं लोग भाजपा में जाएंगे.
आज कानपुर में आयोजित 'देश के वर्तमान हालात और हम' विचार संगोष्ठी में शामिल हुआ।
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) May 2, 2026
इस दौरान मेरे राजनीतिक गुरु आदरणीय रघु ठाकुर जी भी मौजूद रहे।
आदरणीय रघु ठाकुर जी की उपस्थिति ने इस वैचारिक विमर्श को और अधिक सार्थक बना दिया।
देश के ज्वलंत मुद्दों पर आज सार्थक चर्चा हुई। तानाशाही… pic.twitter.com/rZvGkIhlDS
जो बीजेपी की गुंडागर्दी से डर रहे हैं, वही लोग पार्टी छोड़कर उनके साथ जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सच्चे सिपाही आज भी मजबूती के साथ खड़े हैं और जो डरने वाले नहीं हैं, वह अंत तक पार्टी के साथ डटकर मुकाबला करेंगे.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर उड़ रही अफवाहों पर संजय सिंह ने कहा कि इन खबरों को भाजपा पहले भी उड़ाती आई है. यह साजिश और कोरी अफवाह है, ऐसी कोशिशें पहले भी कई बार हो चुकी हैं, जिनका कोई आधार नहीं है.
बंगाल चुनाव के भविष्य पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने चुटकी ली और कहा कि इस चुनाव में भाजपा पूरी तरह कंगाल होने जा रही है और वहां पार्टी का नामोनिशान तक नहीं बचेगा.

