जंतर-मंतर पर ‘AAP’ की रैली को आखिरकार मिली हरी झंडी, जानें केजरीवाल ने क्या कहा ?
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि पुलिस से बातचीत के बाद रैली की अनुमति मिल गई है.

Published : March 1, 2026 at 7:23 AM IST
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रस्तावित जनसभा को लेकर दिनभर चले असमंजस के बाद आखिरकार दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर रैली की अनुमति दे दी है. रविवार 1 मार्च को सुबह 11 बजे तय कार्यक्रम के अनुसार सभा आयोजित होगी. अनुमति मिलने के बाद पार्टी नेतृत्व ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत बताया और दिल्ली की जनता से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है.
शनिवार को पहले दिल्ली पुलिस की ओर से सभा की अनुमति को लेकर नहीं मिल रही थी. कुछ समय के लिए यह संकेत मिला कि रैली की इजाजत रद्द कर दी गई है. इसके बाद पार्टी नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर चला. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, नेता प्रतिपक्ष आतीशी सहित प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर अनुमति नहीं मिलने को लेकर पोस्ट करना शुरू किया. देर रात स्थिति स्पष्ट हुई और रैली को हरी झंडी मिल गई. पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि रविवार को ठीक सुबह 11 बजे जंतर-मंतर पर सभा आयोजित की जाएगी.
केजरीवाल ने जताई खुशी: अनुमति मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें संतोष है कि सभा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी. उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वह बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें. इससे पहले, जब अनुमति रद्द होने की खबर सामने आई थी, तब उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नाराजगी जाहिर की थी. उन्होंने लिखा था कि रैली की घोषणा कई दिन पहले कर दी गई थी, लेकिन आखिरी समय में इसे रद्द कर दिया गया. उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या यह किसी हालिया अदालत के आदेश का परिणाम है. साथ ही उन्होंने कहा था कि शांतिपूर्ण रैली करना और अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है.
#WATCH | Delhi | AAP Delhi President Saurabh Bharadwaj says, " tomorrow, i.e. on sunday, 1st march, national convenor of aam aadmi party, arvind kejriwal, along with his entire leadership, will address a meeting at jantar mantar in delhi. the meeting was supposed to be held… pic.twitter.com/3skQpxMbGA
— ANI (@ANI) February 28, 2026
‘आप’ का आरोप लोकतांत्रिक अधिकारों में बाधा: पार्टी की ओर से कहा गया कि रैली को लेकर पहले से तैयारी की जा रही थी और कार्यकर्ताओं को सूचना दी जा चुकी थी. ऐसे में ऐन वक्त पर अनुमति को लेकर अनिश्चितता पैदा होना ठीक नहीं था. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी नेताओं ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट हुई. उन्होंने मीडिया को भी आमंत्रित करते हुए कहा कि किसी तरह का भ्रम न रखा जाए सभा अपने तय समय और स्थान पर ही होगी.
जंतर-मंतर बना राजनीतिक केंद्र: दिल्ली का जंतर-मंतर लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के विरोध-प्रदर्शनों का प्रमुख स्थल रहा है. ऐसे में इस रैली को भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इसे शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रहे हैं.
ट्वीट के जरिए दी अंतिम जानकारी: देर रात सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि पुलिस से बातचीत के बाद रैली की अनुमति मिल गई है. उन्होंने लिखा कि सभी कार्यकर्ता और समर्थक तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार सुबह जंतर-मंतर के लिए निकलें. उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं हुआ है.
पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली की जनता से अपील की है कि वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेते हुए सभा में शामिल हों. अरविंद केजरीवाल की इस जनसभा को आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें:

